लाहौर । पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर जुनैद खान ने सबसे कम उम्र में रणजी मुकाबला खेलने और आईपीएल टीम में चुने जाने वाले वैभव सूर्यवंशी की उम्र पर सवाल उठाये हैं। जुनैद का कहना है कि 13 साल के वैभव ने जिस प्रकार अंडर-19 एशिया कप में श्रीलंका और यूएई के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की वह इस उम्र में संभव नजर नहीं आती। वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी से ही भारतीय टीम फाइनल में पहुंची थी। इस पाक क्रिकेटर ने सोशल मीडिया में एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वैभव श्रीलंका के दुलनिथ सिगेरा की गेंद पर छक्का लगा रहे हैं। साथ ही पूछा है कि क्या 13 साल का खिलाड़ी वास्तव में इतने लंबे छक्के लगा सकता।
वहीं इससे पहले, वैभव सूर्यवंशी के पिता ने उम्र को लेकर सवाल उठाने वालों को करारा जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर जरूरत हुई तो वैभव उम्र पता करने के लिए जरूरी बोन टेस्ट दे सकता है। वैभव के पिता ने कहा था, ‘वह जब साढ़े 8 साल का था, तब बीसीसीआई के बोन टेस्ट में शामिल हो चुका है। वह हाल में भारत के लिए अंडर-19 टीम में खेल चुका है। वह फिर से बोन टेस्ट दे सकता है।’ जुनैद ने पाक की ओर से 22 टेस्ट, 76 एकदिवसीय और 9 टी20 मैच खेले हैं। वैभव ने मात्र 12 साल की उम्र में रणजी मुकाबला खेला था। इस क्रिकेटर को आईपीएल 2025 सत्र के लिए एक करोड़ से अधिक की रकम मिली है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


