बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पलामू। मुसलाधार बारिश और आंधी के दौरान नावाडीह प्रखंड स्थित पलामू पंचायत के छोटकी कुड़ी में शुक्रवार की शाम को आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला झुलस कर घायल हो गई। पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के हुटार के मायापुर चाड़ो गांव में वज्रपात से एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक झुलस गई। दो बाल बाल बच गए। घटना के समय चारों बच्चे बारिश के पानी से बचने के लिए नीम के पेड़ के नीचे खड़े थे। शुक्रवार को बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया। पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो किसानों की मौत हो गई। घटना बोड़ाम थाना क्षेत्र के नामशोल गांव में दोपहर लगभग एक बजे की है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों वे बताया कि नामशोल गांव निवासी चक्रधर कुंभकार (50) और प्रभास सिंह (48) गोभी के खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और देखते ही देखते आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से दोनों खेत में ही गिर पड़े और बेहोश हो गए।




