इटावा । जिले के एक सराफा कारीगर ने अपने पूरे परिवार को जहर देकर मार दिया। मृतकों में पत्नी रेखा (45), बड़ी बेटी भाव्या (18), छोटी बेटी काव्या (16) और बेटा (11) शामिल हैं। इसके बाद चारों का फोटो स्टेटस पर लगाया और लिखा अब सब खत्म हो गया। इसके बाद शवों को घर में बंद करके सुसाइड करने के लिए रेल की पटरी पर पहुंच गया, लेकिन तबतक पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पत्नी और बच्चों की मौत के बाद आरोपी मुकेश वर्मा आत्महत्या करने के लिए देर शाम रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। वो रेल की पटरी पर लेट गया और उसके ऊपर से मरुधर एक्सप्रेस ट्रेन भी गुजर गई, लेकिन उसे कुछ नहीं हुआ। फिर रेलवे पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुराने शहर में इस तरह एक साथ चार लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। जानकारी के बाद मौके पर एसएसपी समेत पुलिस के कई सीनियर अधिकारी और फॉरेंसिक टीम पहुंच गई और जांच में जुटी है।
मृतक महिला के बड़े भाई और बच्चों के मामा सत्येंद्र सोनी ने कहा कि इस घटना का खुलासा मुकेश वर्मा ही कर सकते हैं। उसने ऐसा क्यों किया? परिवार में कोई विवाद नहीं था। मुकेश वर्मा की पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी है और उनकी दूसरी शादी हुई थी। एक बच्चा पहली शादी का है, जमीन जायदाद का विवाद हो सकता है। मौके पर पहुंचे एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मुकेश वर्मा नाम के व्यक्ति जो सराफा का काम करते है उनकी पहली पत्नी की मृत्यु 2005 में हो चुकी है, यह उनकी दूसरी शादी थी। इसमें 4 लोगों की मृत्यु हुई है, पत्नी, दो बेटी और एक बेटा है। मुकेश वर्मा को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया है, वह रेलवे स्टेशन पर आत्महत्या करने के लिए गए थे।






