जामताड़ा /करमाटांड़ । नई दिल्ली–हावड़ा मुख्य रेलखंड पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। बक्सर से टाटा जा रही 8184 डाउन सुपरफास्ट ट्रेन में उस समय अफरातफरी मच गई, जब विद्यासागर और जामताड़ा स्टेशन के बीच स्थित काशीटांड हॉल्ट के पास ट्रेन की इंजन से तीसरी बोगी में अचानक धुआं उठने लगा। धुआं उठते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। घबराए यात्री चलती ट्रेन से कूदने लगे और अफरा-तफरी में कई लोग अपने सामान सहित इधर-उधर भागने लगे। रेलवे सूत्रों के अनुसार, ट्रेन के ब्रेक बेंडिंग में तकनीकी खराबी के कारण बोगी में आग लगी थी।

जैसे ही आग की जानकारी मिली, ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया। मौके पर तैनात रेल कर्मचारियों ने फायर सिलिंडर की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति नियंत्रित हुई और ट्रेन को पुनः रवाना किया गया। सौभाग्यवश इस दौरान लाइन पर कोई अन्य ट्रेन नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इसने रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



