बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर हुआ हादसा, बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहा था मृतक युवक
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा- बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर केचुआ पुल के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. बाइक और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दी. मृतक की पहचान बरहरवा थाना क्षेत्र के बेलडांगा गांव निवासी 22 वर्षीय जीवन रमानी के रूप में हुई है.मिली जानकारी के अनुसार जीवन रमानी बरहरवा बाजार से सामान की खरीदारी करने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान केचुआ पुल के समीप उसकी बाइक एक ट्रक की चपेट में आ गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी.पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.इधर जवान बेटे की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं इस हृदयविदारक घटना के बाद बेलडांगा गांव में शोक और मातम का माहौल है.




