नई दिल्ली । महाराष्ट्र-झारखंड एवं अन्य राज्यों में 20 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले सोमवार शाम 6 बजे चुनाव प्रचार का शोरगुल थम गया। सोमवार को चुनाव आयोग ने बताया कि इस दौरान इन सभी राज्यों में उम्मीदवार, इनके समर्थक, कार्यकर्ता या अन्य किसी भी तरह से मतदाताओं को लुभाने के लिए जो भी गैर कानूनी कार्य करने की कोशिश की जा रही थी। उस सिलसिले में विभिन्न राज्यों में पुलिस बल और अन्य एजेंसियों ने 1082 करोड़ रुपये की नकदी, शराब, ड्रग्स, कीमती मेटल और गिफ्ट बरामद किए हैं। चुनाव से पहले करीब 81 करोड़ रुपये के गिफ्ट पकड़े गए। इसी तरह से झारखंड में सबसे अधिक 152 करोड़ रुपये के गिफ्ट पकड़े गए। लगभग 15-15 करोड़ रुपये की नकदी और ड्रग्स जब्त की गई। उपचुनावों के लिए भी सबसे अधिक 121 करोड़ रुपये से अधिक की कीमत के गिफ्ट आइटम पकड़े गए। दोनों राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और 15 राज्यों की 48 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी वोटों की गिनती 23 नवंबर शनिवार को की जाएगी।
2019 में हुए विधानसभा चुनावों से सात गुना अधिक जब्ती
महाराष्ट्र और झारखंड में यह जब्ती इन राज्यों में 2019 में हुए विधानसभा चुनावों से सात गुना अधिक बताई गई है। महाराष्ट्र में 660 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और अन्य सामान जब्त किया गया जबकि झारखंड में 198 करोड़ रुपये का। उपचुनावों के सिलसिले में वोटरों को बांटने के लिए 224 करोड़ रुपये की नकदी, शराब, ड्रग्स और गिफ्ट आदि सामान जब्त किया गया। आयोग ने बताया कि महाराष्ट्र में वोटरों को लुभाने के लिए सबसे अधिक 282 करोड़ रुपये का कीमती मेटल से बने विभिन्न तरह के सामान पकड़े गए। दूसरे नंबर पर यहां 153 करोड़ रुपये की नकदी पकड़ी गई। जो वोटरों को बांटने या उन्हें किसी भी तरह से लुभाने के लिए ले जाई जा रही थी।






