दुमका। कोयला चोरी और अवैध स्मगलिंग नेटवर्क की जांच के तहत ईडी ने शुक्रवार सुबह झारखंड के 18 ठिकानों पर छापेमारी की। जामा प्रखंड के सेजाकोड़ा गांव में पत्थर कारोबारी अमर मंडल के आवास पर भी तड़के 4.30 बजे दबिश दी गई। टीम ने दो बोरों में भरी नकदी, बैंक से जुड़े कागजात और हिसाब-किताब की डायरी जब्त की है।

बरामद राशि एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, रेड की जानकारी मिलते ही अमर मंडल ने कैश ठिकाने लगाने का प्रयास किया, जिसके बाद उसके घर के पिछवाड़े में छिपाए गए करीब 17–20 लाख रुपये भी ईडी ने बरामद कर लिए। खास बात यह रही कि मॉर्निंग वॉक पर निकले अमर मंडल को ईडी अधिकारी पहचान नहीं पाए और उससे ही उसके घर का पता पूछ लिया, जिसके बाद वह मौके से निकल भागा।
चार वाहनों के काफिले में पहुंची ईडी टीम के साथ सीआरपीएफ व महिला पुलिस भी मौजूद थी। इस कार्रवाई से जिले में अवैध कोयला कारोबार के बड़े नेटवर्क के उजागर होने की चर्चा तेज हो गई है। खबर लिखे जाने तक ईडी की करवाई जारी है।



