अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । प्रखंड के वैष्णवी दुर्गामंदिर में दुर्गापूजा समारोह के आयोजन को लेकर तैयारी जोरों-शोरों से की जा रही है। सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति के द्वारा स्थानीय दुर्गा मंदिर प्रांगण में 3000 वर्गफुट में भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं मंदिर के ठीक पीछे स्थित शिव-पार्वती मंदिर के प्रांगण में 5000 वर्गफुट का विशाल पंडाल का निर्माण कार्य जारी है। बताते चलें कि पिछले दो महीने से पश्चिम बंगाल के मूर्तिकार राजा कुमार द्वारा माँ दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण कर रहे हैं। सोमवार को सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ बबलू भगत ने पूजा समिति के सदस्यों के साथ पंडाल निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि दुर्गापूजा के भव्य आयोजन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि दुर्गापूजा का यह वर्ष शताब्दी वर्ष है जिसे भव्य तरीके से मनाया जाएगा। उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष पूरे बाजार क्षेत्र भव्य विद्युत सज्जा की जाएगी। पूजा के दौरान कुल 11 बड़े लाइट गेट बनाए जाएंगे। साथ ही सड़क किनारे 86 कालका, 7 टेक्सचर, मेकेनिकल लाइट सहित बाजार के सभी घरों में विद्युत सज्जा की जाएगी। साथ ही बच्चे-बच्चियों के उत्साहवर्धन के लिए पेंटिंग, रंगोली व नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से पंडाल में अग्निशामक यंत्र व सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए साउंड सिस्टम व बड़े एलईडी स्क्रीन भी लगाए जाएंगे। सम्पूर्ण पूजा पंडाल की फूलों से सजावट के साथ-साथ भक्ति जागरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। प्रयागराज-बनारस के पुरोहितों द्वारा पूजन सम्पन्न कराया जाएगा। पूजा समारोह में कुल 30 लाख का खर्च आने का अनुमान लगाया गया है।
इस खबर को भी पढ़े : झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन का स्थाई समिति का हुआ गठन
इस खबर को भी पढ़े : संताल में बंगलादेशी घुसपैठियों को भगाना आवश्यक : चंपाई सोरेन


