बोलीं – जनता व संगठन के सभी लोगों का मिला रहा है भरपूर समर्थन
असम के सीएम हिमंता विस्वा यहां के लोगों के बीच लगाने आते हैं आग
दुमका । भाजपा छोड़ झामुमो में आयी डॉ लुईस मरांडी ने सोमवार को जामा विधानसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन करने पहुंची झामुमो प्रत्याशी के साथ झारखंड मुक्ति के कार्यकर्ताओं एवं डॉ लुईस मरांडी के समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी।
11-जामा (अ.ज.जा) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी डॉ लुईस मरांडी ने निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता को अपना नामांकन पत्र सौंपा। नामांकन दाखिल कर बाहर आयी डॉ लुईस मरांडी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि आज उन्होंने जामा विधानसभा सीट के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा की टिकट से नामांकन भरा है। जनता एक संगठन सभी लोगों का मुझे समर्थन मिला है। कहा कि हमारे साथ संगठन के लोग हैं हमारे प्रखंड अध्यक्ष शिवलाल जी एवं कालेश्वर सोरेन जी मौजूद हैं। डॉ लुईस मरांडी ने कहा कि आज उमड़ता हुआ कार्यकर्ताओं का जो उत्साह दिखा निश्चित रूप से जामा अब मेरे लिए नया नहीं है। जनता ने मन से मुझे स्वीकार कर लिया है और हमलोग निश्चित रूप से जामा विधानसभा चुनाव जीतेंगे| पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इतने कम दिनो में क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं जनता से जो हमारी बातचीत हुई,
लोगों ने कहा कि जामा का विकास अभी तक नहीं हुआ| उन्होंने कहा कि शिक्षा, सड़क, कनेक्टिविटी, पेयजल, स्वस्थ्य एवं रोजगार के क्षेत्र में जामा विधानसभा बहुत ही पिछड़ा हुआ है। हम जामा विधानसभा की तमाम जनता को आश्वस्त करते हैं कि जिस तरह से जिस तरह से पहले हमने अपने छोटे से कार्यकाल में निष्ठापूर्वक काम किया है उसी निष्ठा एवं जनता के प्रति आस्था रखते हुए जनता से बातचीत करते हुए एक-एक समस्या का समाधान करेंगे और रोजगार के लिए जो युवा भटक रहे हैं सारी समस्याओं का हमलोग समाधान करेंगे। असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा के संबंध में
पत्रकारों के सवाल का जबाब देते हुए उन्होंने कहा कि असम के मुख्यमंत्री के आने से थोड़ा सा भी प्रभाव नहीं पड़ेगा। कहा कि असम के मुख्यमंत्री यहां के लोगों के बीच आग लगाने के लिए आते हैं। इस क्षेत्र में लोग शांति, सौहार्द एवं प्रेम से रहने वाले लोग हैं वहीं पसंद भी करते हैं। असम के मुख्यमंत्री कुछ भी करके जाएं लेकिन झारखंड के लोग झारखंडी के अगुवाई में चलेंगे,झारखंडी के नेतृत्व में चलेंगे। इस अवसर पर झामुमो कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने हेमंत सोरेन जिंदाबाद, बसंत सोरेन जिंदाबाद व लुईस मरांडी जिंदाबाद के नारे लगाए।




