जामा। प्रखंड अंतर्गत सिमरा गांव से सरैया, कदरजोरिया, लक्ष्मीपुर, हल्दीपट्टी, बेलकूपी होते हुए सुगनिबाद जामा तक जाने वाली निर्माणाधीन प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना निर्माण कार्य का निरीक्षण सोमवार जामा विधायक डॉ लुईस मरांडी ने कार्यकर्ताओं के साथ निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने जर्जर सड़क पर धीमी गति से रुक रुक कर कार्य करने और कार्य में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया था। जिस पर संज्ञान लेते हुए सोमवार जामा विधायक डॉ लुईस मरांडी निर्माणाधीन सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंची थी। जर्जर सड़क निरीक्षण करते हुए डा लुइस मरांडी ने तिरूपति कंस्ट्रक्शन कंपनी कोलकाता पर एतराज जताते हुए तत्काल ग्रामीण विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता साहिल कुमार सिंहा से दूरभाष पर बात कर गुणवत्ता युक्त सड़क बनाने और निर्माण कार्य जल्दी पूर्ण करने का निर्देश दिया है। कहा कि अगर निर्धारित समय सीमा पर कंस्ट्रक्शन कंपनी काम नहीं करती है तो दूसरे संवेदक को मौका देना चाहिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि संवेदक द्वारा सड़क निर्माण कार्य अत्यन्त धीमी गति से किया जा रहा है। प्रारंभ में पुलिया, पीसीसी एवं गार्डवाल का निर्माण किया जा रहा है लेकिन व्यापक अनियमितता बरती जा रही है। पीसीसी ओर गार्डवाल निर्माण कम गुणवत्ता वाले सीमेंट, बोल्डर, कांक्रीट आदि का उपयोग किया जा रहा है और सड़क निर्माण कार्य के दिये गए मानदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है। बिना वजह सभी गांव में सो सो मीटर पर पानी निकासी नाला बनाया जा रहा है तो वहीं वाहन नियंत्रण के लिए अनुपयोगी डायवर्शन बना दिया गया है जिससे चार पहिया वाहनों और बड़ी वाहनों के लिए मुसीबत बन गई है। विधायक ने समस्या सुनी और निराकरण करने हेतु कार्यपालक अभियंता साहिल कुमार से दूरभाष पर बात करते हुए समस्या का हल निकालने का आदेश दिया है।
इस मौके पर जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष कालेश्वर सोरेन, सचिव सत्तार खान ,सुरेन्द्र यादव, गौतम दर्वे, निर्मल किस्कू सहित दर्जनों झामुमो कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।


