देवघर। कुंडा थाना क्षेत्र के परशुराम नगर में देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान मुकेश कुमार सिंह (25) और अक्षय कुमार सिंह (30) के रूप में की गई है। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल और चार जिंदा खोखे बरामद किए हैं। सूत्रों के अनुसार, परशुराम नगर निवासी राकेश कुमार, जो इंडियन बैंक में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, से पचास हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। जब राकेश कुमार ने रुपये देने से इनकार किया तो देर रात दोनों युवकों ने उनके घर के पास पहुंचकर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर राकेश कुमार के रिश्तेदार अरविंद कुमार राय बाहर निकले और पूछताछ की तो आरोपितों ने उन्हें भी धमकाया और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही कुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल और चार खोखे भी बरामद किए हैं। वहीं समाचार लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही थी।




