बाजार समिति के पास चाकू से गोदकर 25 वर्षीय कौशल की हत्या, इलाके में दहशत
देवघर। मंगलवार की सुबह अपराधियों ने एक युवक की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात बाजार समिति के पास स्थित एक होटल के समीप हुई, जहां 25 वर्षीय कौशल जायसवाल को अपराधियों ने बेरहमी से चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। युवक की पहचान हाथी पहाड़ मोहल्ला निवासी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कौशल पर अपराधियों ने अचानक हमला किया और उसपर लगातार चाकू से वार करते चले गए। हमले से गंभीर रूप से घायल कौशल लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के पिता किशन जायसवाल ने बताया कि उनका बेटा सुबह घर से निकला था। कुछ देर बाद जब उन्होंने बेटे को फोन किया तो कौशल ने कहा कि वह घर लौट रहा है। इसके थोड़ी ही देर बाद मोहल्ले की महिलाओं ने घर पहुंचकर सूचना दी कि उनके बेटे को चाकू मार दिया गया है। पिता मौके पर पहुंचे तो देखा कि उनका बेटा खून से लथपथ पड़ा है। परिजनों ने बताया कि कौशल का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। वह अपने छोटे भाई के साथ मिलकर छोटा-मोटा कारोबार करता था। बेटे की हत्या से आक्रोशित पिता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




