सूरत । कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके परिवार को लेकर नया विवाद सामने आया है। सूरत निवासी सूचना का अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ता अमित तिवारी ने अभिजीत दीपके के पिता भगवानराव दीपके की आर्थिक स्थिति की जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में निर्वाचन आयोग और केंद्रीय जीएसटी को पत्र भेजकर जांच की मांग उठाई गई है। अमित तिवारी का कहना है कि भगवानराव दीपके महाराष्ट्र सरकार के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, लेकिन उन्होंने अपने बेटे को उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजा था। ऐसे में उनकी आय और आर्थिक स्रोतों की जांच की जानी चाहिए। उनका दावा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच से आर्थिक स्थिति और खर्च के स्रोत स्पष्ट हो सकेंगे।

आरटीआई कार्यकर्ता ने सीजेपी के लिए घोषित कानूनी बचाव फंड की भी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि हाल ही में वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों की कानूनी सहायता के लिए सीजेपी के फंड में एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी। तिवारी का तर्क है कि यदि कोई संगठन राजनीतिक दल की तरह काम कर रहा है, तो उसके वित्तीय स्रोतों और कानूनी स्थिति की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सीजेपी एक गैर-पंजीकृत संगठन होने के बावजूद राजनीतिक गतिविधियां कर रही है। ऐसे में निर्वाचन आयोग को यह जांच करनी चाहिए कि क्या संगठन जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29ए के तहत राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत है या नहीं। साथ ही घोषित आर्थिक सहायता और उसके उपयोग की भी जांच की जानी चाहिए।
इस बीच अभिजीत दीपके की तबीयत भी खराब हो गई है। चिकित्सकों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें उल्टी, दस्त, लो ब्लड प्रेशर, बेचैनी और घबराहट की शिकायत है। बताया गया कि तनाव के कारण उनकी स्थिति बिगड़ी और उन्हें कई बार उल्टी हुई। इससे पहले भी उन्होंने प्रदर्शन के दौरान बताया था कि वह टाइफाइड से पीड़ित रहे हैं। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और उन्हें पूर्ण विश्राम की सलाह दी गई है। हालांकि, अब तक इन आरोपों और जांच संबंधी मांगों पर संबंधित एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक निर्णय या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





