◆केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मिला विद्यार्थी परिषद का प्रतिनिधिमंडल, 26 सूत्री मांग पत्र सौंपा
◆प्रॉक्टर डॉ. राजीव कुमार और वित्त पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार सिन्हा पर लगाए कई गंभीर आरोप ,जांच की मांग
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दुमका के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को नगर मंत्री गणेश मुर्मू को नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मिल कर उन्हें सिदो कान्हु मुर्मू यूनिवर्सिटी में हो रही गंभीर अनियमितताओं से अवगत कराया।विद्यार्थी परिषद ने केंद्रीय मंत्री को 26 सूत्री मांग पत्र सौंप कर विश्वविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई।

विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर एवं कुलपति के ओएसडी डॉ.राजीव कुमार एवं वित्त पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार सिन्हा के विरुद्ध कई गंभीर आरोप लगाते हुए जांच कराने की मांग की गई है।विद्यार्थी परिषद के छात्र नेताओं ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि पूर्व में भी कई स्तर पर शिकायत की गई है,पर कार्रवाई नहीं हो सकी है।मांग पत्र में प्रॉक्टर डॉ. राजीव कुमार की नियुक्ति प्रक्रिया एवं पदोन्नति की वैधता की जांच कराने के साथ ही वित्त पदाधिकारी के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान भवन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता की जांच की मांग की गई।डॉ. राजीव कुमार द्वारा अपने पिता को किए गए भुगतान की वैधता की जांच कराने के साथ ही जून 2023 से मार्च 2025 तक विश्वविद्यालय के विकास एवं परीक्षा मद में किए गए व्ययों की स्वतंत्र जांच कराने और उनके कार्यकाल में की गई सभी नियुक्तियों की पारदर्शिता की जांच की मांग की गई है।
इसके अलावा विश्वविद्यालय परिसर में बने नए भवनों, बी.एड., गर्ल्स हॉस्टल आदि के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच की मांग करते हुए कहा गया है कि जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए।विश्वविद्यालय द्वारा एनसीसीएफ को किए गए लगभग ₹10 करोड़ के भुगतान की जांच की भी मांग की गई।60 वर्ष से अधिक आयु वाले शिक्षकों को प्रशासनिक पदों से हटाने की मांग की गई।डॉ. राजीव कुमार की पीएचडी उपाधि एवं नियुक्ति प्रक्रिया की जांच की मांग की गई।विश्वविद्यालय की सिक्योरिटी गार्ड कंपनी की चयन प्रक्रिया एवं कार्यप्रणाली की जांच की मांग की गई।डॉ. संजय कुमार सिन्हा द्वारा अपने प्रमाणपत्र में ‘उपाचार्य’ का उल्लेख किए जाने की जांच की मांग की गई है। मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे, जिला संयोजक अभिषेक गुप्ता, राजकिशोर, उपेंद्र दास, अभिनंदन कुमार, पहलाद दास, राज केसरी शामिल थे।



