पश्चिमी सिंहभूम । पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत बड़ाबाम्बो रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार की सुबह रेलवे ट्रैक के पास करीब 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव अप रेल लाइन पर (पोल संख्या 300/25) के पास मिला। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब चार बजे रेलवे ट्रैक के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली। इसके बाद चक्रधरपुर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजखरसावां राजकीय रेल थाना (जीआरपी) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने मौके का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया गया।
पुलिस मृतक की पहचान करने के लिए आवश्यक जानकारी जुटा रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी व्यक्ति की पहचान को लेकर छानबीन की जा रही है, ताकि उसके परिजनों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि वह किसी चलती ट्रेन से गिरा होगा। रेलवे पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


