देवघर। जिला उपायुक्त विशाल सागर की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय तम्बाकू नियंत्रण समन्वय समिति की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में तम्बाकू नियंत्रण के लिए अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। उपायुक्त विशाल सागर ने जिलावासियों से अपील की कि जिले को पूरी तरह से तम्बाकू मुक्त बनाने की मुहिम को जोर-शोर से शुरू किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को तम्बाकू के हानिकारक प्रभावों से बचाया जा सके। उन्होंने कहा, “हमें यह सुनिश्चित करना है कि हमारे जिले में तम्बाकू का कोई भी उत्पाद न बिके और न इसका इस्तेमाल हो।”बैठक के दौरान उपायुक्त ने सरकारी कार्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों को तम्बाकू मुक्त क्षेत्र घोषित किए जाने के बाद इसे कड़ाई से लागू करने का आदेश संबंधित थाना प्रभारियों और अंचलाधिकारियों को दिया। साथ ही, उन्होंने जिलास्तरीय जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि किसी भी उल्लंघन की स्थिति में एफआईआर दर्ज किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ गठित टीमों द्वारा तम्बाकू और धूम्रपान के दुष्प्रभावों से लोगों को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वालों से दंड वसूली की प्रक्रिया को भी गति देने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि तम्बाकू उत्पादों के उपयोग को रोकने के लिए सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों और थाना प्रभारी को छापेमारी दलों द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188, 288, 269, 270 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सिविल सर्जन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, अस्पताल उपाधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सकों की टीम, सहायक जनसंपर्क अधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।


