नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और उनकी पत्नी धनश्री वर्मा का तलाक हो गया है। कानूनी कार्यवाही पूरी करने के बाद दोनों ने आधिकारिक तौर पर अलग होने का फैसला किया है। मीडिया हाउस की रिपोर्ट के अनुसार, मामले से परिचित एक वकील ने बताया गुरुवार को बांद्रा फैमिली कोर्ट में अंतिम सुनवाई और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी हुईं, जिसमें दोनों सुबह 11:00 बजे से मौजूद थे। सुनवाई के दौरान जज ने इस कपल को काउंसलिंग सेशन में शामिल होने का निर्देश दिया, जो करीब 45 मिनट तक चला। जज के पूछे जाने पर चहल और धनश्री दोनों ने पुष्टि की कि वे आपसी सहमति से तलाक चाहते हैं। बांद्रा फैमिली कोर्ट में चर्चा के बाद जज ने शाम 4:30 बजे आधिकारिक तौर पर तलाक को मंजूरी दे दी।
युजवेंद्र और धनश्री की शादी 11 दिसंबर 2020 को हुई थी। धनश्री वर्मा ने झलक दिखला जा-11 के एक एपिसोड के दौरान युजवेंद्र चहल के साथ अपनी लव स्टोरी के बारे में खुलासा किया था। उन्होंने बताया कि कैसे चहल ने लॉकडाउन के दौरान उनसे डांस सीखने के लिए संपर्क किया था। इसके बाद धनश्री उन्हें डांस सिखाने के लिए राजी हो गईं। बाद में दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया।


