पाकुड़। लिट्टीपाड़ा प्रखंड के मोहुलबोना गांव में जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के डीलर अरुण ठाकुर पर राशन वितरण में अनियमितता बरतने और लाभुकों के हिस्से में कटौती करने का आरोप लगा है। इस संबंध में वार्ड सदस्य अशोक ठाकुर ने ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर उपायुक्त को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।आवेदन में आरोप लगाया गया है कि डीलर द्वारा प्रत्येक राशन कार्डधारी को मिलने वाले चावल और गेहूं में करीब एक-एक किलोग्राम की कटौती की जाती है। इसका विरोध करने पर राशन नहीं देने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। वार्ड सदस्य ने डीलर और उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर जारी राशन कार्डों की पात्रता की जांच कराने की मांग की है।शिकायत में कार्ड संख्या 202001375368 में छह सदस्यों के दर्ज होने का उल्लेख करते हुए दावा किया गया है कि परिवार का एक सदस्य सरकारी नौकरी में है और परिवार आर्थिक रूप से संपन्न है। ऐसे में उक्त राशन कार्ड की पात्रता की जांच कराने की मांग की गई है।
वहीं कार्ड संख्या 202006371922 में दर्ज ओमप्रकाश ठाकुर के परिवार के वर्तमान में हिरणपुर बाजार में रहने के बावजूद राशन कार्ड का लाभ लेने का आरोप लगाया गया है। इसी तरह कार्ड संख्या 202006378289 में दर्ज विनोद ठाकुर के परिवार के पाकुड़ में रहने का दावा करते हुए कार्ड की जांच की मांग की गई है।आवेदन में राशन वितरण स्थल के गोदाम के तीन दरवाजे खुले रखे जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने इससे राशन के हेरफेर की आशंका जताई है। आवेदन के साथ वार्ड सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी संलग्न किए गए हैं।वार्ड सदस्य ने उपायुक्त से संबंधित राशन कार्डों की पात्रता की जांच कराने, अपात्र पाए जाने पर कार्ड निरस्त करने, अब तक लिए गए राशन की नियमानुसार वसूली करने तथा डीलर क खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


