भाजपा की नीति को जनता ने दिया करारा जवाब: बसंत सोरेन
दुमका ब्यूरो

दुमका। झारखंड में दुमका अजजा विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के टिकट पर शनिवार को दूसरी बार विधायक चुने गए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन ने उनके साथ इंडिया गठबंधन को अपार समर्थन मिलने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि राज्य की जनता ने भाजपा की नीति को खारिज कर दिया है। बसंत सोरेन ने दुमका सहित समस्त राज्यवासियों के प्रति आभार जताया है और विश्वास व्यक्त किया है झामुमो के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार जनाकांक्षाओं को साकार करने में तेजी से काम करेगी। दूसरी बार पिछले चुनावों की अपेक्षा अधिक वोटों के अंतर से जनता का आशीर्वाद मिलने से आह्लादित झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के छोटे पुत्र बसंत सोरेन शनिवार को जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद अपने खिजुरिया स्थित आवास में मीडिया कर्मियों से एक मुलाकात में कहा कि यह जीत हेमंत सोरेन और जनता की जीत है । उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार की जनप्रिय योजनाएं निचले पायदान तक पहुंचाने का परिणाम है कि दुमका की जनता उन्हें दोबारा आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि समूचे राज्य में जनता ने पुनः झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित सरकार को पुनः सेवा करने का आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि इस राज्य की जनता ने भाजपा के दो समुदाय को आपस में लड़ने की नीति को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैंने और उनकी पार्टी ने जनता से जितने भी वायदे किये हैं। जैसे दुमका को उप राजधानी का सम्पूर्ण दर्जा दिलाने के लिए त्वरित गति से कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने आपको झारखंड सरकार में मंत्री बनने का अवसर को मिलने के संबंध में पूछने पर कहा कि किसे मंत्री बनाया जाये या नहीं बनाया जाये यह तो मुख्यमंत्री और सरकार का फैसला होता है। उन्होंने कहा कि मैं अगर मंत्री नहीं भी बनता हूं फिर भी मैं जनता की लगातार सेवा करता रहूंगा।
भाजपा को आशीर्वाद देने के लिए जनता को नमन : देवेन्द्र कुंवर
दुमका। झारखंड में संताल परगना प्रमंडल के दुमका जिले के जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी भाजपा के टिकट पर एक मात्र निर्वाचित विधायक देवेंद्र कुंवर ने अपनी जीत के लिए जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र की जनता को नमन किया है। देवेन्द्र कुंवर निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद मीडिया कर्मियों के साथ बातचीत में कहा कि समूचे संताल परगना में से एक मात्र जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को आशीर्वाद देने के लिए इस क्षेत्र की जनता को महान बताया है और उनके प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की जनता ने लगभग दो दशक के बाद जिन आकांक्षाओं के साथ उनपर विश्वास जताया है । उस विश्वास पर वे पूरी तरह खरा उतरेंगे । उन्होंने कहा कि जन भावना के अनुरूप वे आमलोगों की समस्याओं के त्वरित निदान के लिए सदैव रहें हैं और आगे भी तत्पर रहेंगे। उन्होंने राज्य में राजग गठबंधन के खराब प्रदर्शन पर कहा कि जनता का जनादेश शिरोधार्य है। पार्टी नेतृत्व से उन्हें जो जिम्मेदारी मिलेगी। इसका वे अपनी पूरी क्षमता के साथ निर्वहन करेंगे।
एक ही नारा हेमंत दुबारा पर, जनता ने लगायी मुहर : डॉ लुईस मरांडी
दुमका। दुमका जिले के जामा विधानसभा क्षेत्र से झामुमो के टिकट पर नवनिर्वाचित विधायक डाक्टर लोईस मरांडी ने अपनी जीत के लिए पार्टी नेतृत्व के साथ जामा विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्र की जनता के प्रति आभार जताया है। डाक्टर लोईस मरांडी शनिवार को मतगणना प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद मीडिया कर्मियों के बातचीत में कहा कि जामा के साथ समूचे झारखंड की जनता ने झामुमो के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन को अपार स्नेह और प्यार देकर इस राज्य की जनता ने एक ही नारा, हेमंत दुबारा के नारे पर मुहर लगा दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व ने साबित कर दिया है कि राज्य की जनता को अबुआ सरकार चाहिए। उन्होंने जामा विधानसभा क्षेत्र में झामुमो की जीत के लिए पार्टी नेतृत्व और कार्यकताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जामा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान जो भी समस्याएं उनके समक्ष आये हैं उसका वे यथाशीघ्र निदान करने का प्रयास करेंगी।
भाजपा नफरत भरे एजेंडा जनता ने नकारा: आलोक सोरेन
दुमका। शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक ने शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अब जनता की सेवा करना हमारे जीवन का मुख्य ध्येय है। उन्होंने अपनी जीत के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद दिया है। साथ-साथ जनता और कठोर परिश्रम करने वाले पार्टी के कार्यकर्ता को इस जीत की बुनियाद रखने वाला बताया। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के नफरत भरे एजेंडा को जनता ने एक सिरे से खारिज कर दिया है। उसी का परिणाम है झारखंड मुक्ति मोर्चा को इतनी बड़ी जीत मिली है। जनता ने सेवा का अवसर दिया है। उनकी आशा और और अपेक्षा में खरे उतरने का प्रयास करेंगे।





