सरायकेला । सरायकेला खरसावां के आदित्यपुर स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी), जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंचीं देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपनी सादगी और सहज व्यवहार से सभी का दिल जीत लिया। समारोह संपन्न होने के बाद जब राष्ट्रपति का काफिला लौट रहा था, तब आदित्यपुर स्थित आकाशवाणी चौक पर एक अलग ही दृश्य देखने को मिला।स्थानीय लोग राष्ट्रपति की एक झलक पाने के लिए घंटों से बैरिकेडिंग के पीछे खड़े थे।
जैसे ही काफिला आकाशवाणी चौक के पास पहुंचा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रोटोकॉल की परवाह किए बिना अपना वाहन रुकवाया और जनता के बीच पहुंच गईं। राष्ट्रपति को सामने पाकर लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया और पूरा इलाका ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।राष्ट्रपति ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और आत्मीयता से सभी का हालचाल लिया। इसके बाद उन्होंने खरकाई पुल की ओर जाने वाले मार्ग पर खड़े लोगों का भी अभिवादन किया। राष्ट्रपति के इस अप्रत्याशित कदम से सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से भले ही कुछ समय के लिए चुनौती उत्पन्न हुई, लेकिन आम जनता के लिए यह पल बेहद खास और यादगार बन गया।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सादगी, अपनापन और जनता के प्रति लगाव ने इस दिन को जमशेदपुर और आदित्यपुर के लोगों के लिए ऐतिहासिक बना दिया।


