●रायशुमारी में भाजपा टिकट के दावेदारों के नामों पर कार्यकर्ताओं ने लगाई मुहर
●प्रदेश चुनाव समिति प्रत्येक सीट के लिए दिल्ली भेजेगी तीन-तीन नामों की सूची
सुमन सिंह
दुमका । विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा में प्रत्याशी चयन पर मंथन अंतिम दौर में है।कई सर्वे के बाद भाजपा ने सभी 81 विधानसभा क्षेत्र में रायशुमारी कर संभावित प्रत्याशियों के नामों पर कार्यकर्ताओं का मुहर लगवा लिया है।प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से तीन-तीन नाम मंगाए गए हैं।रायशुमारी में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से संभावित प्रत्याशियों के नाम बक्से में डलवा कर रांची मंगा लिया है।अब प्रदेश की चुनाव समिति उन नामों पर विचार कर तीन-तीन नाम पार्टी आलाकमान को नाम भेजेगी।टिकट पर अंतिम फैसला दिल्ली में होगा।इधर विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा टिकट को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है।दुमका जिले में चार विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें तीन सीटें दुमका,जामा और शिकारीपाड़ा अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित है। चौथी सीट जरमुंडी है जो जिले की एक मात्र सामान्य सीट है।पार्टी के सूत्रों के मुताबिक रायशुमारी में दुमका सीट के लिए कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद सुनील सोरेन और पूर्व मंत्री डॉ लुईस मरांडी के साथ ही डॉ अंजुला मुर्मू, गुंजन मरांडी,डॉ शर्मिला सोरेन और मार्शल ऋषिराज टुडू को प्रत्याशी बनाने के लिये अपनी लिखित राय दिया है।
शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए हुई रायशुमारी में मुख्य रूप से दो नाम उभर कर सामने आए।यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व में प्रत्याशी रहे परितोष सोरेन और वर्तमान में जिला परिषद सदस्य अविनाश सोरेन के प्रति अपना विश्वास जताया है।
दुमका जिले की एक मात्र सामान्य सीट होने के कारण जरमुंडी में भाजपा टिकट के दावेदारों की संख्या सर्वाधिक है।इस कारण रायशुमारी में भाग ले रहे कार्यकर्ताओं के लिए भी तीन नाम चुनना आसान नहीं था।इस विधानसभा क्षेत्र का एक ब्लॉक सारवां, देवघर जिला का हिस्सा है।इस कारण देवघर जिले के भी कई दावेदारों के नाम पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी राय दी है।जरमुंडी विधान सभा क्षेत्र से जिन नेताओं को प्रत्याशी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने अपनी सहमति दी है, उनमें पूर्व विधायक देवेंद्र कुंवर के अलावा रविकांत मिश्रा, गौरवकान्त प्रसाद, जुली यादव, निवास मंडल, प्रभात सिंह,सीताराम पाठक, विश्वनाथ राय,जय प्रकाश मंडल,बलराम पोद्दार,वीरेंद्र पांडेय,राम नारायण राय,शेखर सुमन,राजकुमार मंडल,सुभाष यादव, सिकंदर सिंह और रीता चौरसिया के नाम प्रमुख है।इधर भाजपा कार्यकर्ताओं के हंगामे की वजह से जामा विधानसभा क्षेत्र में रायशुमारी नहीं हो सकी थी।
–
टिकट उसे मिलेगा, जिसे ऊपर के नेता चाहेंगे
दुमका।भाजपा टिकट के लिए पार्टी द्वारा कराई गई रायशुमारी में अपने-अपने नाम की पर्ची डलवाने वाले टिकट दावेदार भी इस रायशुमारी पर भरोसा नहीं कर रहे हैं।कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने दबी जुबान से इस रायशुमारी को दिखावा बताते हुए कहा कि ऊपर में नेता जो तय करेंगे उसी को टिकट मिलेगा।सिर्फ कार्यकर्ताओं की संतुष्टि से लिये उनसे राय लेने का रस्म निभाया जाता है।पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने बताया कि लोकसभा चुनाव के समय भी टिकट बांटने से पहले कार्यकर्ताओं के बीच रायशुमारी कराई गई थी पर जिन तीन नामों पर रायशुमारी में कार्यकर्ताओं ने मुहर लगाई,उनमें किसी को टिकट नहीं मिला था।


