–तेजस्वी यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा
हाजीपुर । बिहार में बदमाश आए दिन हत्या, रंगदारी और उगाही की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। वहीं हाजीपुर जिले में सोमवार देर रात रंगदारी नहीं देने पर एक दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने एक होटल पर बम बरसा दिए और तोड़फोड़ कर दी जिससे वहां, मौजूद लोग इधर उधर भागते नजर आए। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। वहीं घटना को लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला बोला है।
हाजीपुर-मुज्जफ्फरपुर एनएच पर स्थित होटल संचालक ने बताया कि रंगदारी मांगने को लेकर स्थानीय लोगों से उसका विवाद था। इन सभी आपराधिक प्रवत्ति के हैं। ये लोग 25 लाख की रंगदारी मांग रहे थे नहीं देने पर होटल बंद करने और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इसी बीच सोमवार देर रात कार और मोटरसाइकिल पर सवार होकर 10 से 15 बदमाश आए और होटल पर बमबारी शुरू कर दी जिससे होटल के अंदर और बाहर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। वहीं, मामले में पुलिस का कहना है कि होटल मालिक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
इस घटना को लेकर बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बिहार में सत्ता संरक्षित अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि रंगदारी नहीं देने पर अब सीधा बमबारी करते हैं। ये डबल इंजन का डबल पावर है कि अब गोली नहीं बम चल रहे हैं। सरकार में अनियंत्रित अपराध पर बोलने को कोई तैयार नहीं है।
सिराज/ईएमएस 20अगस्त24


