नई दिल्ली । जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और कांग्रेस के गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल किया है। वहीं भाजपा ने हरियाणा में सत्ता विरोधी लहर को लेकर राजनीतिक पंडितों के अनुमानों को धता बताते हुए लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है। चुनाव आयोग के अनुसार जम्मू-कश्मीर की 90 सदस्यीय विधानसभा के चुनावी नतीजों में एनसी को 42, भाजपा को 29, कांग्रेस को 06, पीपल डेमोक्रेटिक पार्टी 03, जम्मू-कश्मीर पीपल कॉन्फ्रेंस, माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और आम आदमी पार्टी को एक-एक सीटें मिली हैं जबकि सात सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीती हैं। राज्य में सरकार बनाने के लिए 46 का आंकड़ा चाहिए। एनसी और कांग्रेस के गठबंधन को कुल 48 सीटें मिली हैं। राज्य में 10 साल बाद हुए चुनाव में एनसी-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बननी तय मानी जा रही है। दूसरी ओर हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे पूरी तरह से अप्रत्याशित रहे। तमाम एग्जिट पोल और एंटी इनकंबेंसी के दावों को धता बताते हुए इस बार भी भाजपा राज्य में सरकार बनाने जा रही है। भाजपा को 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीटों पर जीत मिली हैं। कांग्रेस को 37, इंडियन नेशनल लोक दल को दो सीटें मिली हैं। तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीती हैं। नतीजों से राज्य में भाजपा की सरकार बननी तय है। जम्मू-कश्मीर में भाजपा को जम्मू क्षेत्र और एनसी को कश्मीर क्षेत्र में ज्यादा सीटें मिली हैं। मत प्रतिशत के हिसाब से भाजपा जम्मू-कश्मीर में सबसे ज्यादा वोट हासिल करने वाली पार्टी बनी है। भाजपा को 25.64 प्रतिशत वोट मिले हैं और उसके बाद एनसी को 23.43 प्रतिशत मत मिले हैं। कांग्रेस को यहां 11.97 प्रतिशत वोट मिले हैं। दूसरी ओर हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस का मत प्रतिशत का अंतर बहुत कम रहा है। भाजपा को 39.94 प्रतिशत और कांग्रेस को 39.09 प्रतिशत मत मिले हैं।
हरियाणा में मिले इस जनादेश की गूंज दूर दूर तक जाएगी: मोदी
नई दिल्ली । हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर ऐतिहासिक जीत हासिल की है। इस हैट्रिक पर भाजपा मुख्यालय में विजय उत्सव मनाया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल हुए। उन्होंने इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हरियाणा ने एक बार फिर कमाल कर दिया। आज नवरात्रि का छठा दिन मां कात्यायिनी का दिन है, जो शेर पर सवार होकर हाथ में कमल लिए हुए हैं। ऐसे में हरियाणा में कमल-कमल हो गया। उनका भी आशीर्वाद हमें मिला। गीता की धऱती पर हमें हर जाति और वर्ग के लोगों ने वोट दिया है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में भी दशकों के बाद शांतिपूर्ण मतदान हुए। यह भारत के लोकतंत्र की जीत है। नेशनल कांफ्रेस को ज्यादा सीट दी, उन्हें भी शुभकामना। जम्मू कश्मीर वोट शेयर के हिसाब से भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। मैं हरियाणा और जम्मू कश्मीर में जीत हासिल करने वाले सभी उम्मीदवारों और वहां की जनता को बहुत बहुत बधाई देता हूं।साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं के तप के लिए नमन करता हूं।
उमर बनेंगे सीएम : फारूक
श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने विधानसभा चुनाव परिणामों के रुझानों के बीच ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने अपना जनादेश दे दिया है, उन्होंने साबित कर दिया है कि उन्हें पांच अगस्त को लिया गया फैसला मंजूर नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर के सीएम होंगे।


