जरमुंडी। जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत तालझारी यात्री शेड में भारतीय जनता पार्टी की बासुकीनाथ नगर मंडल, जरमुंडी प्रखंड मंडल.व सहारा मंडल की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। कार्यक्रम में नवादा के सांसद और दुमका क्लस्टर के प्रभारी विवेक ठाकुर, भारत सरकार के मंत्री राज भूषण चौधरी, पूर्व सांसद अभयकांत प्रसाद, पूर्व विधायक देवेंद्र कुंवर, प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान परिवर्तन यात्रा की तैयारी के संदर्भ में विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद विवेक ठाकुर ने बताया की झारखंड में वर्तमान झारखंड मुक्ति मोर्चा एवं कांग्रेस गठबंधन की सरकार ने जनता को पूरे पांच वर्षों के कार्यकाल में सिर्फ ठगने का काम किया है। आज जब सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम समय में है तो यह लोकलुभावने घोषणा कर रही है। जिसे जनता पूरी तरह से समझ चुकी है। इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी के द्वारा पूरे सूबे में परिवर्तन यात्रा चलाई जा रही है। इस परिवर्तन यात्रा के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह परिवर्तन यात्रा एक जन आंदोलन का रूप लेकर इस भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकने का एक संकल्प है। सभा को संबोधित करते हुए भारत सरकार के मंत्री राज भूषण चौधरी ने कहा की झारखंड में गिरती हुई कानून व्यवस्था, महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, लगातार बढ़ रही हत्याएं यह सभी वर्तमान सरकार की उपलब्धियां है। भारतीय जनता पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता इस परिवर्तन यात्रा के माध्यम से सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कृत संकल्पित है। प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद ने सभी कार्यकर्ताओं को इस संकल्प यात्रा के उद्देश्य की पूर्ति हेतु जुट जाने के लिए आग्रह किया और इस परिवर्तन यात्रा में जन-जन को जोड़ने की बात कही। यह परिवर्तन यात्रा 28 सितंबर को बूढ़ीकुरवा के रास्ते जरमुंडी प्रखंड में प्रवेश करेगी। इस मौके पर मुख्य रूप से गौरवकान्त रसद, मुरली प्रसाद, शैलेश राव, अनूप कुमार सहित भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


