देश-प्रदेश की उन्नति व जनकल्याण की कामना, मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
देवघर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को देवघर आगमन के पश्चात विश्वप्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ धाम में विशेष पूजा-अर्चना की। नड्डा सुबह मंदिर परिसर पहुंचे, जहां पुजारियों के द्वारा विधि-विधान के साथ उनका पूजन-सामग्री द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह में प्रवेश कर बाबा भोलेनाथ पर जलाभिषेक किया तथा देश, राज्य और जनता की सुख-समृद्धि एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की। पूजन के उपरांत नड्डा ने गौ सेवा भी की। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मंदिर प्रबंधन एवं जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। मंदिर परिसर तथा आस-पास के क्षेत्र में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी तैनात रहे, वहीं श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करते हुए दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की गई।
पूजा सम्पन्न होने के बाद नड्डा ने मंदिर परिसर में कुछ देर रुककर पुरोहितों से बातचीत की और भगवान भोलेनाथ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इसके उपरांत वे अपने आगे के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रस्थान कर गए।




