नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अपने काफिले में गाडिय़ों की संख्या आधी की है। उन्होंने यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद लिया है, जिसमें उन्होंने बढ़ती ईंधन कीमतों को देखकर पेट्रोल-डीजल बचत की अपील की थी। इसके पहले पीएम मोदी ने भी हाल ही में गुजरात और असम दौरे पर अपने काफिले को छोटा रखा था और केवल उन्हीं गाडिय़ों को शामिल किया, जो सुरक्षा के लिहाज से ज़रूरी थीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां भी संभव हो, काफिले में इलेक्ट्रिक गाडिय़ां शामिल करे। वहीं, दिल्ली में मंत्री आशीष सूद कार्यक्रम में जाने के लिए पहले मेट्रो और फिर ई-रिक्शा में बैठे। मध्य प्रदेश में जस्टिस डीडी बंसल साइकिल चलाकर हाईकोर्ट पहुंचे। वहीं, सीएम मोहन यादव ने अपने काफिले में गाडिय़ों की संख्या घटा दी है। उधर, उत्तरप्रदेश में सांसद-विधायकों को एक दिन बस-मेट्रो से चलने का आदेश दिया गया है। राज्य में जितने भी बड़े कॉर्पोरेट ऑफिस हैं, वहां हफ्ते में 2 दिन वर्क फ्रॉम होम होगा।
इसके अलावा महाराष्ट्र में मंत्री आशीष शेलार ने विदेश यात्रा टालने का ऐलान किया। उन्होंने सोमवार को कहा कि वे इस साल फ्रांस में हो रहे कान्स फिल्म फेस्टिवल में शामिल नहीं हो रहे है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री शेलार ने कहा वे इस साल फ्रांस में होने वाले कांस फिल्म फेस्टिवल में शामिल नहीं हो रहे है। मंत्री शेलार ने कहा कि चुनौतीपूर्ण समय में राष्ट्रीय हितों को सबसे ऊपर रखते हुए विभागीय खर्च में संयम बरतने का फैसला लिया गया है। राज्य के सांस्कृतिक मामलों, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मंत्री ने कहा कि वर्चुअल प्लेटफॉर्म के जरिए मीटिंग की जाएंगी। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच ईंधन बचत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने आधिकारिक काफिले में शामिल वाहनों की संख्या कम करने का फैसला किया है। उन्होंने सुरक्षा अधिकारियों को गैर जरूरी वाहनों को हटाने का निर्देश दिया है।
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने बुधवार को मेट्रो से यात्रा की और कहा कि यह कदम वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के बीच ईंधन की खपत कम करने और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी की अपील को लागू करने के सरकारी प्रयासों का हिस्सा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मंत्री कपिल मिश्रा ने एक्स पर अपनी मेट्रो यात्रा का वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा- पीएम मोदी के आह्वान पर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और सभी मंत्रियों ने दृढ़ संकल्प के साथ इसका कार्यान्वयन शुरू कर दिया है। मैं सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करुंगा या केवल जरुरत पडऩे पर ही एक सरकारी वाहन का इस्तेमाल करुंगा। मंत्री का यह बयान दिल्ली की सीएम द्वारा ईंधन के इस्तेमाल को कम करने और मंत्रियों, विधायकों व सरकारी अधिकारियों के बीच सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक व्यापक पहल की घोषणा के एक दिन बाद आया है।
राज्यपाल संतोष गंगवार के काफिले में अब सिर्फ चार गाड़ियां
रांची । राज्यपाल संतोष गंगवार ने प्रधानमंत्री के आह्वान पर ईंधन संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। राज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बुधवार को बताया कि लोक भवन झारखंड में उनके कारकेड में वाहनों की संख्या घटाकर मात्र चार कर दी गई है। यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन संरक्षण अभियान से प्रेरित बताया गया। राज्यपाल ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य ऊर्जा बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से भी अपील की है कि वे अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचें और इस जन जागरूकता अभियान में सहभागी बनें।


