दुमका। अग्निवीर वायु योजना भारत सरकार द्वारा रक्षा क्षेत्र में युवाओं को रोजगार और सेवा का एक अनूठा अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस योजना के अंतर्गत भारतीय वायु सेना में चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और सरलता लाने के साथ-साथ युवाओं को सेना की सेवा का हिस्सा बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इस संदर्भ में, युवाओं में जागरूकता फैलाने के लिए कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य के पी यादव ने किया। जागरूकता कार्यक्रम की टीम का नेतृत्व वी रेड्डी तथा राजेश कुमार ने किया। साथ ही डीपीआरओ दुमका के उप निदेशक रोहित कंडुला विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य के पी यादव ने कहा कि अग्निवीर वायु भर्ती हेतु जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को इस योजना के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान करना और उन्हें सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना है। इस योजना के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में युवाओं को देश की सेवा का मौका मिलता है। साथ ही, यह कार्यक्रम युवाओं को भर्ती प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, शारीरिक और मानसिक फिटनेस, परीक्षा पद्धति और प्रशिक्षण की जानकारी देने पर केंद्रित है। रिक्रूटिंग ऑफिसर वी रेड्डी ने जागरूकता कार्यक्रम के दौरान अग्निवीर वायु योजना के उद्देश्यों, लाभों और करियर अवसरों के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने पात्रता और प्रक्रिया जैसे आयु सीमा: 17.5 से 21 वर्ष, शैक्षणिक योग्यता: 10वीं/12वीं उत्तीर्ण या समकक्ष,
शारीरिक फिटनेस मानदंड: न्यूनतम ऊंचाई, वजन, और अन्य शारीरिक मापदंड,
चयन प्रक्रिया: ऑनलाइन परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण और मेडिकल परीक्षण आदि की विस्तृत जानकारी दी। रिक्रूटिंग ऑफिसर राजेश कुमार ने कहा कि अग्निवीर बनने के बाद चार वर्षों की सेवा का अवसर मिलता है। इस सेवा के बाद “सेवा निधि” योजना के तहत आर्थिक सहायता, कौशल विकास और नागरिक जीवन में पुनर्स्थापन के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाता है। दुमका डीपीआरओ उप निदेशक रोहित कंडुला ने कहा कि
प्रशिक्षण और मार्गदर्शन
युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार करता है। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ कुमार सौरभ ने कहा कि
यह कार्यक्रम न केवल रोजगार का अवसर प्रदान करता है बल्कि युवाओं को देश सेवा का अद्वितीय मौका देता है। यह योजना उनके व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देती है। एकेडेमिक डीन डॉ काशीनाथ झा ने कहा कि अग्निवीर वायु भर्ती हेतु जागरूकता कार्यक्रम एक सार्थक पहल है जो भारतीय युवाओं को सशस्त्र बलों में शामिल होकर अपने देश के प्रति योगदान देने का अवसर प्रदान करती है। डॉ शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल युवाओं को जागरूक करता है बल्कि उनके भीतर आत्मनिर्भरता और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत करता है। कार्यक्रम में शिक्षकों के साथ साथ सैकड़ो विद्यार्थियों ने भाग लिया। जागरूकता कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए दो विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ कुमार सौरभ तथा धन्यवाद ज्ञापन मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ विनोद कुमार शर्मा ने दिया।


