जरमुंडी । झारखंड की उपराजधानी दुमका जिलान्तर्गत जरमुंडी प्रखंड के शिक्षा विभाग में लूट खसोट चरम पर है। यहां सरकारी विद्यालयों में बच्चों के लिए भेजे जानेवाले संसाधनों पर उगाही होना आम बात है। ताजा मामला नौनिहाल बच्चों के बीच साईकिल वितरण का है। जरमुंडी प्रखंड के पहरीडीह पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय कदेली में बीते बुधवार को अष्टम वर्ग के छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण किया गया। जिसमें प्रत्येक छात्र-छात्राओं से ?200 लिया गया जो छात्र-छात्राएं पैसे लेकर नहीं आए थे। उन बच्चों को साइकिल नहीं दिया गया। मामले को लेकर अभिभावकों के द्वारा जब विद्यालय सचिव सह प्रधानाध्यापक नंदकिशोर झा से 200 मांगे जाने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने बताया कि बीइइओ को 20 रूपया, संतोष कुमार सिंह को 20 रूपया, अनिल कुमार कुशवाहा को 20 रूपया एवं गाड़ी भाड़ा 140 रुपया सहित कुल मिलाकर 200 रूपया देना पड़ता है। मामले को लेकर छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने दुमका डीएसई से दूरभाष पर प्रधानाचार्य नंदकिशोर झा के विरुद्ध शिकायत करते हुए कार्रवाई करने की गुहार लगाई जिसके बाद मामले पर संज्ञान लेते हुए डीएसई ने गुरुवार को आरोपी प्रधानाचार्य नंदकिशोर झा को तलब किया। इधर, प्रधानाध्यापक के विरुद्ध अभिभावकों की शिकायत को लेकर डीएसई ने जांच के आदेश दिए हैं।




