देश की राजनीति में युवा चेहरे आगे आ रहे हैं : हरिवंश
रांची । मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि विधानसभा भवन लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर है। यहां किसी धर्म, जाति या व्यक्ति के साथ भेदभाव नहीं होता है। इस सदन में भले हम पक्ष या विपक्ष के लोग व्यक्तिगत रूप से अलग-अलग विचार रखते हो, लेकिन इस लोकतांत्रिक व्यवस्था से एक ऐसी मार्ग प्रशस्त होती है, जहां सभी को सदन में स्वागत के भाव से आमंत्रित किया जाता है।सोरेन शनिवार को झारखंड विधानसभा सभागार में विधायकों के लिए आयोजित प्रबोधन-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी विधायक जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन के समक्ष रखते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के इस मंदिर की गरिमा और भव्यता किसी धर्म से अछूता नहीं है। यहां सभी धर्म समुदाय के हक अधिकार की आवाज गूंजती है।

———————————-
देश का सबसे युवा विधानसभा झारखंड विधानसभा : हरिवंश
कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने संसदीय विशेषाधिकार की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की की देश का सबसे युवा विधानसभा झारखंड विधानसभा है। इस बार नए विधायक चुनकर आए हैं। इनके अलावा महिला विधायकों की संख्या भी 12 है। उपसभापति ने कहा कि देश की राजनीति में युवा चेहरे आगे बढ़कर आ रहे हैं। हाल में ही संपन्न हुए जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में अभी बड़ी संख्या में युवा विधायक चुनकर आए हैं। जबकि हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी कुछ इसी तरह के आकड़े आए हैं।
———————————-
सत्ता पक्ष और विपक्ष का उद्देश्य राज्य को बेहतर बनाना : स्पीकर
इस अवसर पर स्पीकर रविंद्र नाथ महतो ने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष का मुख्य उद्देश्य राज्य को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि विधायकों और मंत्रियों को शोर शराबा और व्यवधान डालकर सदन के बहुमूल्य समय को बर्बाद नहीं करना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जनता विधायकों को चुनती है और चुने हुए विधायक बहुमत के आधार पर मुख्यमंत्री का चयन करते हैं। वही चुने हुए विधायक राजकोष के संरक्षक के रूप में भी होते हैं।
———————————-
संसदीय व्यवस्था मजबूत होने से राज्य का विकास होता है : राधा कृष्ण
संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा की संसदीय व्यवस्था मजबूत होने से राज्य का समावेशी विकास होता है। सरकार की उपलब्धियां का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार समावेशी विकास पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच आर्थिक और राजनीतिक सुचिता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड को अपने आय के स्रोत को बढ़ाने की जरूरत है।केंद्र सरकार से हमें अपनी बकाया कर की राशि मिलनी चाहिए।मौके पर वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह ने भी अपने अनुभवों को बेबाकी के साथ सबके समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि झारखंड में लगभग 35 दोनों का सत्र 1 वर्ष में संचालित किया जाता है जबकि कार्य दिवस की कुल संख्या कम से कम 60 दिनों की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि सरकार किसी भी दल की हो खुद सरकार ही नहीं चाहती है कि सदन अधिक से अधिक दिन तक चले। इस कार्यक्रम में उपसभापति, राज्यसभा हरिवंश, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर सहित मंत्रीगण, विधायकगण, झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव मानिक लाल हेंब्रम, पी. आर. एस चक्षु राय समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।





