कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे मांग में तेजी और आपूर्ति में कमी है कारण
नई दिल्ली । दिवाली से पहले अमूल ने घी और बटर की कीमतों बढा़कर उपभोक्ताओं को झटका दिया है। त्योहार के दौरान मिठाइयां, नमकीन और पकवान बनाने के लिए घी और बटर की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में कीमतों में इजाफा होने से लोगों के घरेलू बजट पर असर पड़ सकता है। कंपनी ने घी के एक किलो पैक पर 50 रुपए और बटर के 500 ग्राम पैक पर 15 रुपए की बढ़ोतरी की है। नई दरों के मुताबिक अमूल के एक किलो घी के कार्टन की कीमत 630 रुपए से बढ़कर 680 रुपए हो गई है। वहीं, 500 ग्राम शुद्ध घी के पाउच का दाम 325 से बढ़ाकर 345 रुपए हो गए। अब 100 ग्राम बटर का पैक 63 के बजाय 66 रुपए और 500 ग्राम का पैक 325 रुपए में मिलेगा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घी और बटर की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे मांग में तेजी और आपूर्ति में कमी को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। गुजरात और राजस्थान में मिलावटी घी के खिलाफ कार्रवाई के बाद ग्राहकों का रुझान ब्रांडेड उत्पादों की ओर बढ़ा है। सहकारी क्षेत्र से जुड़े एक पदाधिकारी के मुताबिक पिछले छह महीनों में गुजरात और राजस्थान के कई इलाकों से करीब दो लाख किलो नकली घी जब्त किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक गुजरात के अहमदाबाद और वडोदरा समेत कई शहरों में अमूल के गाय के घी की कमी की शिकायतें सामने आई हैं। दुकानदारों और अमूल पार्लर संचालकों के मुताबिक उन्हें जरूरत के मुकाबले कम मात्रा में उत्पाद मिल रहे हैं। पुणे, कोलकाता और जम्मू-कश्मीर में भी आपूर्ति प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं। सितंबर 2025 में जीएसटी दरों में कटौती के बाद डेयरी उत्पादों की कीमतें कम हुई थीं, लेकिन अब घी और बटर के दाम बढ़ने से ग्राहकों की जेब पर बोझ बए़ गया है। दिवाली से पहले कीमतों में इस बढ़ोतरी से त्योहार की खरीदारी महंगी हो सकती है।


