रांची: झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दल पूरी तैयारी में हैं। वहीं बीजेपी ने आज अपना संकल्प पत्र जारी किया। इस बीच गृहमंत्री अमित शाह रांची पहुंचे। अमित शाह ने आज बीजेपी का संकल्प पत्र जारी किया। इसके अलावा वह तीन चुनावी रैलियों को भी संबोधित करेंगे। अमित शाह आज घाटशिला, बरकट्ठा और सिमरिया में तीन रैलियों को संबोधित करने वाले हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार नवंबर को झारखंड का दौरा करेंगे। यहां वह भी दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं पीएम मोदी के दौरे के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 5 नवंबर को जमशेदपुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि संथाल परगना में आदिवासियों की संख्या कम हो रही है, उनकी जमीन लूटी जा रही है। भारतीय जनता पार्टी माटी रोटी बेटी को सुरक्षित करने का नारा देने के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में महिलाओं की दुर्दशा के सारे रिकॉर्ड टूट गए। नाबालिग लड़कियों की तस्करी और महिलाओं के अपहरण में झारखंड दूसरे स्थान पर रहा, बलात्कार के मामले में 42 परसेंट की वृद्धि हुई। हेमंत सोरेन महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम रहे। अमित शाह ने आगे कहा कि घुसपैठिए एक षड्यंत्र के तहत आदिवासी बेटी की जमीन हड़पने का काम कर रहे हैं। घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर निकालेंगे। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों की संख्या बढ़ रही है, झारखंड की डेमोग्राफी बदल रही है। यहां परिंदा भी पर ना मार पाए, इस तरह की सीमा की रचनी है। उन्होंने कहा कि असम में आज घुसपैठ बंद गई, झारखंड में भी रोटी, बेटी और माटी तीनों का संरक्षण होगा। वहीं लोहरदगा में हिंसा, साहिबगंज में मंदिरों में नुकसान पहुंचाने का मामला भी उन्होंने उठाया। उन्होंने कहा कि झारखंड में लोहरदगा में कांवड़ियों पर हमला होता है, रामनवमी पर कीर्तन भजन पर पाबंदी लगाई गई, साहिबगंज में मंदिरों को नुकसान पहुंचाया जाता है, जमशेदपुर में हिंदू झारखंड छोड़ो का नारा लगाया जाता है। हम ऐसे लोगों को कानून के माध्यम से जेल के अंदर भेजेंगे। घोषणा पत्र समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा चुनाव सह प्रभारी व असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्वा सरमा, प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी समेत कई नेता मौजूद रहें.

संकल्प पत्र के वादे
गोगो दीदी योजना में हर महिला को हर महीने 2100 रुपये
दिवाली और रक्षाबंधन पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त
पांच साल में पांच लाख रोजगार का सृजन
287500 सरकारी पदों पर भर्ती करेंगे
हर साल एक लाख युवा को रोजगार के अवसर
हर माह युवा को 2000 रुपये रोजगार भत्ता
हर गरीब को पांच साल में पक्का मकान
हेमंत सरकार 21 लाख घर पीएम आवास नहीं बना पाए, हम इसे पूरा करेंगे
पेपर लाक की सीबीआई/SIT जांच कराएंगे
घुसपैठिए से भूमि कब्जा मुक्त कराएंगे
500 करोड खर्च कर सिद्धो कानो शोध केंद्र बनाएंगे
झारखंड में बीजेपी UCC लाएगी पर UCC से आदिवासियों को बाहर रखेंगे
10 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज और हर जिले में एक नर्सिंग प्रशिक्षण कॉलेज खोलेंगे
कुशासन और करप्शन की जांच के लिए एक जांच आयोग का गठन करेंगे
गो तस्करी से राज्य को मुक्त करेंगे
धान की खरीद को 3100 रुपये प्रति क्विंटल करेंगे
देश के प्रमुख शहरों में जोहार झारखंड भवन का निर्माण होगा
MSP तंत्र में अरहर और मड़ुआ को शामिल करेंगे





