संताल एक्सप्रेस संवाददाता
हिरणपुर (पाकुड़ )। अबुआ आवास के नाम पर पैसे की मांग को लेकर प्रखंड के मंझलाडीह पंचायत अंतर्गत उपरबंधा गांव के करीब आधा दर्जन ग्रामीणों ने सोमवार बीडीओ टुडू दिलीप को आवेदन देकर शिकायत की। ग्रामीण समीरन बेवा, सखीनां बीवी, शमसुल अंसारी, हबीबुल अंसारी, सदाम अंसारी, जमशेद अंसारी, मजीद अंसारी कात्या अंसारी आदि ने आरोप लगाते हुए कहा की पंचायत सचिव लोगेंन मरांडी, रोजगार सेवक रिषि किस्कु एवं वार्ड सदस्य कुण्हू बेसरा के द्वारा प्रति आवास 20 हज़ार रुपये की मांग की गई है। बीते 2 माह पूर्व पंचायत सचिव को 5 हज़ार रुपये दी गई। परंतु इसके बाद पंचायत सचिव के द्वारा और राशि की मांग की गई। जिसे नहीं देने पर हमें आवास योजना का लाभ नहीं दिया गया। ग्रामीणों कहा कि हम सब का नाम इस सूची में आया था जो पंचायत भवन में भी अंकित किया गया था। बावजूद इसके हम सबका नाम काट दिया गया। इसमें इक्के-दुक्के लोगों का जियोटेग होने के बाद भी राशि नहीं प्राप्त हुई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आवास के एवज में राशि की मांग न पूरी करने के कारण हमारा नाम सूची से हटा दिया गया है। इधर पंचायत सचिव लोगेंन मरांडी ने आवास के एवज में पैसे लेने की बाद को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी टुडू दिलीप ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। जिसपर जांच की जा रही है।


