सत्ता हासिल करने के लिए कोल्हान के साथ संताल परगना में जीतना जरूरी
सुमन सिंह
दुमका।प्रथम चरण का चुनाव सम्पन्न होने के बाद अब सभी दलों ने संताल परगना में ताकत झोंक दिया है।सत्ता हासिल करने के लिए कोल्हान के साथ संताल फतह भी जरूरी है।कोल्हान में प्रथम चरण में मतदान हो चुका है।अब दूसरे चरण में संताल परगना में 20 नवम्बर को मतदान होना है।दोनों गठबंधन दलों के प्रत्याशी से लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर के नेता रेस हो गए हैं।बुधवार को भाजपा की ओर से गोड्डा और सारठ विधान सभा क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी सभाएं हुईं।गुरुवार को राजमहल में गृहमंत्री अमित शाह की सभा हुई।अगले चार दिनों में अमित शाह सहित कई राष्ट्रीय नेताओं की सभा संताल परगना के अलग-अलग विधान सभा क्षेत्रों में होनी है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी गुरुवार को शिकारीपाड़ा में चुनावी सभा को संबोधित किया।इधर इंडी गठबंधन की ओर से गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संताल परगना में झामुमो प्रत्याशियों के पक्ष में जोरदार चुनाव प्रचार किया।दुमका विधान सभा क्षेत्र में ही मुख्यमंत्री की दो चुनावी सभाएं हुई।मुख्यमंत्री में सारठ और मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में भी चुनावी सभाओं को संबोधित किया।इधर गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने लिट्टीपाड़ा सहित कई सीटों पर इंडी एलायंस दलों के प्रत्याशियों के लिए चुनावी सभा कर वोट मांगे।इस बीच राहुल गांधी सहित कांग्रेस के कई राष्ट्रीय नेताओं का संताल परगना में चुनावी दौरा होने वाला है।

इंडी को सीटें बरकरार रखने की तो भाजपा को प्रदर्शन सुधारने की चुनौती
झारखंड की सत्ता हासिल करने के लिए कोल्हान की तरह ही संताल परगना की अहम भूमिका रहती है।2019 के चुनाव में इंडी गठबंधन को संताल परगना की 18 सीटों में 14 सीटों पर जीत हुई थी।इनमें झामुमो को सर्वाधिक 9 सीटों पर जीत हुई थी।5 पर कांग्रेस और महज 4 सीटों पर भाजपा की जीत हो सकी थी।कोल्हान की 16 सीटों में एक सीट भी एनडीए को नहीं मिली थी। 2019 के चुनाव में कोल्हान के साथ संताल परगना में भी पिछड़ने के कारण भाजपा को सत्ता से बाहर होना पड़ा था।इस चुनाव में जहां कांग्रेस-झामुमो एवं राजद गठबंधन को दोबारा सत्ता में आने के लिए संताल परगना में 2019 वाला प्रदर्शन बरकरार रखने की चुनौती है।जबकि भाजपा को अगर सत्ता में वापसी कर डबल इंजन की सरकार बनानी है तो कोल्हान के साथ संताल परगना में अपना प्रदर्शन सुधारना होगा।
एनडीए में संताल परगना की 18 सीटों में 17 सीटों पर भाजपा चुनाव लड़ रही है जबकि पाकुड़ सीट पर आजसू के प्रत्याशी हैं।इंडी गठबंधन से झामुमो 11 सीटों पर,कांग्रेस 5 सीटों और राजद दो सीटों पर चुनाव मैदान में है।





