मुम्बई । भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के गेंद पर लार लगाने पर लगे प्रतिबंध को हटाये जाने से तेज गेंदबाज काफी खुश हैं। बीसीसीआई ने शनिवार से शुरु होने वाले आईपीएल से ठीक पहले सभी कप्तानों से बात करने के बाद ये प्रतिबंध हटाया है। मालूम हो कि कोविड-19 महामारी के दौरान आईसीसी ने गेंद पर लार लगाने पर रोक लगा दी गयी थी। इसके बाद इस नीयम को आईपीएल में भी लागू कर दिया गया था अब जबकि कोविड का खतरा समाप्त हो गया है। ये प्रतिबंध हटाया गया है। बीसीसीआई के इस फैसले पर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने खुशी जतायी है। सिराज सहित सभी तेज गेंदबाज इसलिए भी खुश हैं क्योंकि गेंद पर लार लगाने से रिवर्स स्विंग में सहायता मिलती है।
जब गेंद से किसी तरह की सहायता नहीं मिल रही हो तब इस पर लार लगाने से रिवर्स स्विंग हासिल करने की संभावना बढ़ जाती है। लार में पानी और कुछ प्राकृतिक तेल होते हैं, जिससे गेंद की सतह चिकनी और चमकदार बनती है. इससे गेंद हवा में तेजी से और सही तरीके से घूमती जो रिवर्स स्विंग के लिए जरुरी होता है। सिराज इस सत्र में आरसीबी की जगह पर नई फ्रैंचाइजी गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलेंगे। उन्होंने कहा, ‘नए सत्र से पहले गुजरात की टीम से जुड़कर अच्छा लग रहा है। आरसीबी को छोड़ना मेरे लिए थोड़ा भावनात्मक रहा है क्योंकि विराट कोहली ने मुश्किल समय में मेरा बहुत साथ दिया हालांकि शुभमन गिल के नेतृत्व में हमारे पास बहुत अच्छी टीम है।’ सिराज ने कहा, ‘अगर आप शुभमन की बात करते हैं तो वह गेंदबाजों का कप्तान है। वह कभी आपको कुछ नया करने या अपनी रणनीति लागू करने से नहीं रोकता है। हम दोनों ने एक साथ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था और हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध हैं।’


