नई दिल्ली । पाकिस्तान पर भारत की एयरस्ट्राइक से पड़ोसी मुल्क में हलचल मच गई है। पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में बढ़े तनाव के बीच चीन लगातार पाकिस्तान को समर्थन कर रहा था, लेकिन भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद चीन के सुर भी बदल गए हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद चीन ने कहा कि भारत और पाकिस्तान को क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए तनाव को कम करने पर ध्यान देना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ काम करने से तनाव को कम करने में निर्णायक भूमिका निभाई जा सकती है। चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम मौजूदा स्थिति को लेकर चिंतित हैं। भारत-पाकिस्तान हमेशा एक-दूसरे के पड़ोसी रहेंगे। ये दोनों देश चीन के भी पड़ोसी हैं। चीन हर प्रारूप में आतंकवाद का विरोध करता है, लेकिन हम दोनों पक्षों को क्षेत्र में स्थिरता के लिए शांति बनाए रखने और किसी भी तरह के उकसावे की कार्रवाई से दूर रहने का आग्रह करते हैं। चीन ने यह भी कहा कि हम भारत की सैन्य कार्रवाई पर खेद जताते हैं।
बता दें आतंक की कमर तोड़ने के लिए भारतीय सेना ने मंगलवार देर रात ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। पीएम मोदी ने खुद इस ऑपरेशन का नाम ऑपरेशन सिंदूर रखा था। पीएम मोदी ने बीते एक हफ्ते से लगातार हो रही बैठकों में यह साफ कर दिया था कि पहलगाम हमले में कई महिलाएं विधवा हो गईं। ऐसे में भारत को यह कड़ा संदेश देना था कि आतंकियों को बचकर भागने नहीं दिया जा सकता। भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ ने एयरस्ट्राइक के लिए सभी टारगेट की पहचान की थी, जिसके बाद लश्कर और जैश के ठिकानों पर हमला किया गया।






