नई दिल्ली । केंद्रीय कानून मंत्रालय ने वकीलों के विरोध के बाद वकालत (संशोधन) विधेयक, 2025 का मसौदा वापस लिया है। यह विधेयक अदालतों के कामकाज में बाधा डालने वाले वकीलों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव देता था। इसमें वकीलों के लाइसेंस रद्द करने का भी प्रावधान था। कई वकील संगठनों ने विधेयक का विरोध किया था। ड्राफ्ट बिल 13 फरवरी को कानून मंत्रालय की वेबसाइट पर जन परामर्श के लिए उपलब्ध कराया गया था। मंत्रालय ने कहा, हालांकि, प्राप्त सुझावों और चिंताओं को देखते हुए, अब परामर्श प्रक्रिया को खत्म करने का फैसला हुआ है।

अब संशोधित ड्राफ्ट बिल हितधारकों के साथ परामर्श के लिए नए सिरे से तैयार किया जाएगा। इसके पहले, मोदी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन सहित देश भर के विभिन्न बार एसोसिएशनों के साथ विचार-विमर्श किया था। सभी ने वकालत (संशोधन) बिल और विधि आयोग की 266वीं रिपोर्ट का विरोध किया था। रिपोर्ट में अदालत के काम में बाधा डालने वाले वकीलों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश हुई थी, जिसमें उन्हें प्रैक्टिस करने से रोकना भी शामिल था। कई बार काउंसिल ने आयोग (रिपोर्ट संख्या 266) द्वारा प्रस्तावित संशोधनों पर आपत्ति जाहिर की थी। उनका कहना था कि प्रस्तावित विधेयक प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम पर गैर-कानूनी व्यक्तियों को वैधानिक निकाय में शामिल करने की सिफारिश करता है। कई वकीलों का मानना था कि यह विधेयक उनके अधिकारों का हनन है। वे अपनी मांगों को लेकर मोदी सरकार पर दबाव बनाने के लिए हड़ताल पर जाने की धमकी दे रहे थे। विधेयक के विरोध का एक मुख्य कारण यह भी था कि इसमें विदेशी लॉ फर्मों को भारत में प्रैक्टिस करने की अनुमति देने का प्रस्ताव था। कई भारतीय वकीलों को डर था कि इससे उनकी आजीविका प्रभावित होगी। इस विधेयक के वापस लेने से फिलहाल वकीलों को राहत मिली है। आशीष दुबे / 24 फरवरी 2025





