दिवंगत बाबा सिद्दीकी के बेटे को भी जान से मारने की धमकी, धमकी देने वाला गिरफ्तार
मुंबई । अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। सलमान के साथ-साथ दिवंगत एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को भी जान से मारने की धमकी मिली। बताया गया है कि विधायक जीशान सिद्दीकी को शुक्रवार शाम धमकी भरा फोन आया। जीशान सिद्दीकी तथा सलमान खान को धमकी देने वाले शख्स को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया गया है। नोएडा क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई की है और गिरफ्तार आरोपी का नाम गुरफान खान बताया गया है। आरोपी की उम्र महज 20 साल है। उधर अभिनेता सलमान खान को धमकी मिलने से बॉलीवुड समेत राजनीतिक गलियारों में भी दहशत का माहौल है। आपको बता दें कि सलमान के करीबी दोस्त तथा राज्य के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा इलाके में दर्जनों लोगों के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाबा सिद्दीकी की उनके बेटे जीशान के ऑफिस के बाहर गोली मारकर हत्या की गई. इसके बाद अब ये बात सामने आई है कि सलमान को धमकी मिली है. बता दें कि यह धमकी पहली बार नहीं दी गई है बल्कि सलमान को इस तरह की धमकी लगातार मिल रही है। उधर विधायक जीशान सिद्दीकी को भी धमकी भरा फोन आया। धमकी देने वाले ने जीशान के साथ सलमान को भी धमकी दी। सामने से पैसे की मांग की जा रही थी। इस संबंध में बांद्रा के निर्मल नगर पुलिस थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बताया गया है कि किसी अज्ञात शख्स ने 25 अक्टूबर को जीशान के ऑफिस में फोन कर यह धमकी दी थी। फ़िलहाल धमकी देने वाले को गिरफ्तार करने की खबर सामने आई है।






