कोलकाता रेप-मर्डर केस में सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल की
नई दिल्ली । कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या के मामले में सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल की। चार्जशीट में सीबीआई ने खुलासा किया कि डॉक्टर बिटिया के साथ गैंग रेप नहीं किया गया था। आरोपी संजय राय ने रेप किया था। वारदात को अंजाम देने के बाद डॉक्टर को मौत के घाट उतार दिया था।सीबीआई ने आरोपी संजय रॉय के खिलाफ हत्या और रेप की धाराओं में चार्जशीट दाखिल की है। सीबीआई की चार्जशीट में 200 लोगों के बयान शामिल है। इस मामले में सीबीआई की पहली चार्जशीट है। माना जा रहा है कि सीबीआई आगे की जांच के बाद एक और चार्जशीट दाखिल कर सकती है। अब उम्मीद है कि सीबीआई की चार्जशीट के बाद जल्द ही डॉक्टर बिटिया को इंसाफ मिल सकता है। चार्जशीट में बताया कि आरोपी राय हॉस्पिटल के लिए सिविक वेलफेयर वालंटियर का काम करता था।

हॉस्पिटल के मुख्य गेट की सीसीटीवी और डेड बॉडी के पास पड़े आरोपी संजय रॉय के ब्लूटूथ डिवाइस से पूरे कांड में संजय राय की भूमिका की पुष्टि हुई। बताया गया कि 8 अगस्त की सुबह कोलकाता आने पर संजय सीधा आरजी कर हॉस्पिटल पहुंचा। मरीजों के भर्ती में मदद करवाने में की वजह से आरोपी को आरजी हॉस्पिटल में बेरोक-टोक आने जाने की इजाजत थी। 9 अगस्त की आधी रात 1 बजे संजय राय एक मरीज की मदद के लिए अस्पताल लौटा, जिसकी सर्जरी अगले दिन होनी थी। फिर रात में ही अस्पताल के पीछे बिल्डिंग में मरीज के एक रिश्तेदार के साथ शराब पी। बताया गया कि सुबह 3:00 बजे संजय अस्पताल के चेस्ट फिजिशियन थर्ड फ्लोर पर लौटता है। कुछ ही समय के बाद वह सेमिनार हॉल में घुसता है, जहां डॉक्टर बिटिया आराम कर रही थीं। करीब 40-45 मिनट बाद संजय सेमिनार हॉल में हड़बड़ाते हुए निकला था।





