दुमका। भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने सरैयाहाट अंचल कार्यालय के प्रभारी प्रधान लिपिक आनंद कुमार भारद्वाज को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई एक जमीन संबंधी मामले की जांच रिपोर्ट को आगे बढ़ाने के नाम पर की जा रही अवैध वसूली के खिलाफ की गई है।
इस मामले की शुरुआत तब हुई जब मंडलडीह ग्राम के रहने वाले दीपक दास ने कोर्ट के आदेश के आलोक में अपनी जमीन की जांच रिपोर्ट अनुमंडल कार्यालय भेजने का अनुरोध किया। सरैयाहाट अंचल के बड़ाबाबू आनंद कुमार भारद्वाज ने इस सरकारी कार्य को करने के एवज में साफ तौर पर पांच हजार रुपये की मांग रख दी। परिवादी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे, इसलिए उन्होंने सीधे इस भ्रष्टाचार की शिकायत एसीबी टीम से कर दी।
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो की टीम ने गोपनीय तरीके से मामले की जांच कराई और रिश्वत मांगे जाने के आरोप को सही पाया। इसके बाद त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। योजना के तहत जैसे ही परिवादी ने अंचल कार्यालय में आरोपी बड़ाबाबू को पैसे दिए, घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी मूल रूप से भागलपुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में दुमका में रह रहे थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुट गई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


