मुम्बई । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस सत्र में आक्रामक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक नया रिकार्ड बना सकते हैं। अभिषेक जिस प्रकार से आक्रामक अंदाज में खेलते हैं उससे उम्मीद है कि वह क्रिस गेल के सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकार्ड तोड़ सकते हैं। गेल का सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड 12 साल से बना हुआ है। गेल ने 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू (आरसीबी) की ओर से खेलते हुए 59 छक्के लगाये थे। आईपीएल के एक सत्र में सबसे अधिक छक्के लगाने का ये रिकॉर्ड अब भी कायम है। गेल ने इसी सत्र में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 733 रन बनाए थे।
तब उन्होंने 175 रनों की नाबाद पारी भी खेली थी और ये रिकार्ड आज तक बना हुआ है। वहीं साल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा ने सबसे अधिक 42 छक्के लगाए। ऐसे में माना जा रहा है कि वह गेल के एक सत्र में 59 छक्के का रिकॉर्ड इस सत्र में तोड़ सकते हैं। अभिषेक के अलावा संजू सैमसन भी इस दौड़ में शामिल हैं।
आईपीएल में एक सत्र में छक्के लगाने के मामले में छह बार भारतीय और 11 बार विदेशी बल्लेबाज शीर्ष पर रहे हैं। गेल के 59 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ने के दावेदारों में वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल, इंग्लैंड के जॉस बटलर भी शामिल हैं। केकेआर के रसेल ने साल 2019 में 52 छक्के जबकि बटलर ने साल 2022 में 45 छक्के लगाए थे।


