शेखर सुमन
देवघर। जैक बोर्ड 2025 के मैट्रिक परीक्षा परिणाम में देवघर जिले ने एक बार फिर राज्य स्तर पर अपनी शैक्षणिक क्षमता का लोहा मनवाया है। जिले के दस सर्वश्रेष्ठ छात्रों की सूची में पहले स्थान पर अल्फोंसा हाई स्कूल जसीडीह के छात्र अभय आनंद ने 96.40 प्रतिशत अंक 482/500 प्राप्त कर टॉप किया है। अभय के पिता प्रभाकर कुमार एक मैकेनिक हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि सच्ची मेहनत, लगन और पारिवारिक सहयोग से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। दूसरे स्थान पर इसी स्कूल के सुजीत कुमार रहे, जिन्होंने 480 अंक 96 प्रतिशत हासिल किए। वहीं तीसरे स्थान पर एस.एल.पी. उच्च विद्यालय जसीडीह के सुमित कुमार राणा और गौरव कुमार 479 अंक, 95.80 प्रतिशत ने जगह बनाई। एस.एल.पी. उच्च विद्यालय जसीडीह और सेंट मैरी गर्ल्स हाई स्कूल देवघर के छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। टॉप-10 में इन स्कूलों के कई छात्रों ने स्थान पाया। सेंट मैरी गर्ल्स हाई स्कूल देवघर की छात्राएं अपराजिता और संयुक्ता कुमारी ने 478-478 अंक लाकर जिले का नाम रोशन किया।

टॉपर्स लिस्ट इस प्रकार है:
1.अभय आनंद 96.40 प्रतिशत अल्फोंसा हाई स्कूल जसीडीह,
2.सुजीत कुमार 96.00 प्रतिशत अल्फोंसा हाई स्कूल जसीडीह,
3.सुमित कुमार राणा 95.80 प्रतिशत एस.एल.पी. उच्च विद्यालय जसीडीह
4. गौरव कुमार 95.80 प्रतिशत एस.एल.पी. उच्च विद्यालय जसीडीह
5. कुमारी अपराजिता 95.60 प्रतिशत सेंट मैरी गर्ल्स हाई स्कूल देवघर
6. संयुक्ता कुमारी 95.60 प्रतिशत सेंट मैरी गर्ल्स हाई स्कूल देवघर
7. जय कुमार 95.60 प्रतिशत एस.एल.पी. उच्च विद्यालय जसीडीह)
8. प्रिंस कुमार 95.40 प्रतिशत अल्फोंसा हाई स्कूल जसीडीह
9. कुमकुम कुमारी 95.20 प्रतिशत उत्क्रमित हाई स्कूल मल्हारा
10. विवेक कुमार 94.80 प्रतिशत (एस.एल.पी. उच्च विद्यालय जसीडीह
क्या कहते हैं जिला शिक्षा पदाधिकारी?
उक्त मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार ने कहा हम सबने मिलकर प्रयास किया, और यह हमारे सर्वहितकारी प्रयासों का ही परिणाम है कि हमारी मेहनत रंग लाई है। इसमें शिक्षकों का योगदान है, साथ ही ब्लॉक और जिला स्तर की टीमों तथा सभी संबंधित विभागों की भूमिका भी सराहनीय रही है। मैं सभी इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया संस्थानों का आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने हमारी समस्याओं को सकारात्मक रूप में लगातार कवरेज दी। यह स्पष्ट है कि जब हम सामूहिक रूप से किसी कार्य के लिए ईमानदारी से प्रयास करते हैं, तो उसका परिणाम अवश्य ही सुखद होता है। वर्तमान में हम नौवें स्थान पर हैं, लेकिन हमारा सतत प्रयास रहेगा कि भविष्य में इससे भी बेहतर प्रदर्शन करें।



