लाहौर । पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के मैच कहीं भी हो, दर्शक वहां तक पहुंच जाएंगे। आमिर ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का गतिरोध समाप्त होने पर खुशी जतायी है। उन्होंने कहा कि हाइब्रिड मॉडल (तटस्थ स्थान) पर भारत-पाक मैच होने पर उन्हें खुशी हुई है। उन्होंने कहा कि भले ही भारत-पाकिस्तान मैच चाँद पर क्यों न हो प्रशंसकों को उसका पता मिल ही जाएगा। एक विशेष साक्षात्कार में आमिर ने यह भी कहा कि आईसीसी ने चैंपियंस ट्रॉफी के मामले को हल करने में काफी समय लिया जबकि ये मामला पहले ही हल हो जाना चाहिये था। जय शाह के नये आईसीसी चेयरमैन बनने के बाद सबसे पहले चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी का मामला हल हुआ। इसमें तय किया गया कि भारत अपने मैच पाक के साथ किसी अन्य तटस्थ स्थान पर खेलेगा। इसके साथ ही 2024-27 चक्र में सभी आईसीसी आयोजनों के लिए हाइब्रिड मॉडल तय किया गया है जो भारत या पाक में आयोजित किए जाएंगे।
आमिर ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के हाइब्रिड मॉडल का स्वागत किया और इसमें भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि एक क्रिकेटर के रूप में मैं चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में तटस्थ स्थान में भारत बनाम पाकिस्तान मैच की घोषणा का स्वागत करता हूं। आमिर ने आगे कहा कि मैं इस बात का स्वागत करता हूं कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हो रहा है। मैं खुश हूं और मुझे भरोसा है कि वे सभी जो इसे देखना चाहते हैं, वो भी खुश होंगे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


