संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । थाना क्षेत्र के अमड़ापाड़ा-पाकुड़ कोयला परिवहन सड़क पर पोचइबेड़ा गाँव के समीप सोमवार को कोयला लदे हाईवा की चपेट में आने से एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पोचईबेड़ा गांव निवासी चुंडा टुडू (60) के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कोयला परिवहन को बंद कर सड़क जाम कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा, एसआई अरविंद कुमार मंडल, एसआई रामप्रताप सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। घटना को लेकर ग्रामीणों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार मृतक चुंडा टुडू सड़क पार कर रहा था। इसी बीच कोयला लोड हाईवा संख्या जेएच 16 जी 0505 तेजी से दूसरे डंपर को ओवरटेक करते हुए आया और चुंडा टुडू को रौंदते हुए भागना चाहा। लेकिन सामने अन्य हाईवा रहने के कारण वाहन लेकर भाग नहीं पाया। घटना के बाद हाईवा का चालक मौके से भागने में सफल रहा। इधर उपद्रवियों ने घटना के बाद जमकर उत्पात मचाया और कई डंपरों के बैटरी ले भागे। साथ ही कई डंपरों के शीशे तोड़ डाले। आक्रोशित ग्रामीण यहीं नहीं रुके और वाहनों के डीजल टैंक को तोड़कर तेल भी निकाल लिया। इधर सड़क जाम कर रहे मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों को पुलिस ने समझाया बुझाया और मुआवजा का आश्वासन देने के बाद लगभग दो घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कर दिया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सोनाजोड़ी भेज दिया और डंपर को जब्त कर थाना ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


