खूंटी । झारखंड के खूंटी थाना क्षेत्र स्थित संत मिखाइल स्कूल में अज्ञात अपराधियों ने स्कूल के फादर बेनेदिक बारला उर्फ फादर बेनी पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। घायल फादर को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
कमरे में बेहोश मिले फादर
स्कूल के फादर अनिल कुमार होरो ने बताया कि बुधवार सुबह सूचना मिली कि फादर बेनेदिक बारला अपने कमरे में बेहोश पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर कमरे का सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा हुआ मिला। इसके बाद फादर निकोलस और संजय सोरेंग की मदद से घायल फादर को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। फादर अनिल कुमार होरो ने आशंका जताई कि घटना देर रात या अहले सुबह की हो सकती है। उन्होंने बताया कि रात के समय संबंधित हिस्से में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं रहता था। फादर पर किस हथियार से हमला किया गया, यह मेडिकल जांच और विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग, डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे संत मिखाइल स्कूल में रहने वाले फादर बेनेदिक बारला पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजने की व्यवस्था की। एसपी ने बताया कि फादर की हालत फिलहाल स्थिर है। उन्हें किस हथियार से चोट पहुंचाई गई है, इसकी पुष्टि विस्तृत इंजरी रिपोर्ट आने के बाद होगी। पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


