चेन्नई । बांग्लादेश के अनुभवी ऑलराउंड शाकिब अल हसन आजकल लय में नहीं है। भारतीय टीम के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में भी वह प्रभावहीन नजर आये। शाकिब ने पहले टेस्ट में एक ही विकेट लिया और 129 रन लुटा दिये। यह पहली बार है जब वह टेस्ट की दोनों पारियों में इतने रन देने के बाद भी असफल रहे। यह पांचवीं बार है जब वह किसी टेस्ट मैच में 20 ओवर गेंदबाजी करने के बाद भी वह विकेट नहीं ले पाये। टीम के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो उनके बचाव में सामने आये। उन्होंने कहा, ‘एक कप्तान के तौर पर मैं खिलाड़ी की मेहनत का आकलन करता हूं। मेरा मानना है कि शाकिब अपनी फॉर्म में वापसी के लिए काफी प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि वह वापसी के लिए पर्याप्त संघर्ष कर रहे हैं। टीम के प्रति वह अपनी ओर से बेहतर भूमिका निभाना चाहते हैं। उन्होंने मैच की पहली पारी में शाकिब से ज्यादा गेंदबाजी नहीं कराने के अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि उस समय तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही थी। उन्होंने कहा, ‘हमारे तीनों तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन को देखते हुए मुझे पहली पारी में उनकी ज्यादा जरूरत महसूस नहीं हुई। तब तेज गेंदबाजों का अधिक इस्तेमाल करने की योजना मेरी थी।
वहीं पूर्व भारतीय स्पिन मुरली कार्तिक का कहना था कि अपनी गेंदबाजी वाली अंगुली की सर्जरी के कारण शाकिब सहज तरीके से गेंदबाजी नहीं कर पाये। भारत में खेले गये एकदिवसीय विश्व कप के दौरान शाकिब की तर्जनी अंगुली चोटिल हो गयी थी जिसकी बाद में सर्जरी हुई। शंटो ने उम्मीद जताई कि टीम 27 सितंबर से कानपुर में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट में शाकिब के साथ ही उनकी टीम भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


