संताल में भाजपा संगठन की कमियों को दूर करने में जुटे बाबूलाल मरांडी
सुमन सिंह
दुमका । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी संताल परगना के दो दिवसीय दौरा पर हैं।बुधवार को पाकुड़ में हॉस्टल के छात्रों से मिलने और वहां साहिबगंज एवं पाकुड़ के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद श्री मरांडी शाम में दुमका पहुंचे।गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष दुमका में संताल परगना के चार जिलों-दुमका,देवघर,गोड्डा जामतड़ा के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करने वाले हैं।बाबूलाल मरांडी का संताल परगना दौरा अगामी विधान सभा चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक था। संताल परगना की तीन सीटों में एक मात्र गोड्डा सीट पर भाजपा जीत सकी।राजमहल सीट पहले से झामुमो के पास थी पर 2019 के चुनाव में गोड्डा के साथ दुमका सीट पर भी भाजपा की झोली में होने के कारण भाजपा संताल परगना में 2-1 से आगे थी। पर 2024 में भाजपा ने दुमका सीट भी गंवा दिया। अब संताल परगना में झामुमो 2-1 से आगे है। लोकसभा चुनाव में संताल परगना में भाजपा के पिछड़ने का एक बड़ा कारण भाजपा संगठन में व्याप्त कमियां हैं।राजमहल और दुमका में भाजपा प्रत्याशियों की हार पार्टी संगठन में चल रही गुटबाजी के कारण हुई। ऐसा भाजपा के कई नेता भी मानते हैं।यहां तक कि जिस गोड्डा सीट पर भाजपा की जीत हुई है,उस जीत का श्रेय भी भाजपा संगठन को नहीं जाता है।गोड्डा की जीत वहां के सांसद डॉ.निशिकांत दुबे की जीत है।अभी भाजपा संताल परगना में लोकसभा चुनाव के दौरान उभरी भाजपा संगठन की कमजोरियों को दूर नहीं कर सकी है। दो-तीन माह में विधान सभा चुनाव होना है।भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती संताल परगना के जिलों में अपने पार्टी संगठन को एकजुट कर मजबूत करना है।कई जिलों में भाजपा को खेमेबाजी के कारण चुनाव में नुकसान होते रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले अगर गुटबाजी समाप्त नहीं किया गया तो संताल परगना में भाजपा का प्रदर्शन लोकसभा चुनाव से अधिक खराब हो सकता है। लोकसभा चुनाव में तो भाजपा प्रत्याशियों को अच्छी संख्या में मोदी जी के नाम पर वोट मिल गया पर विधान सभा चुनाव में कई स्थानीय मुद्दे रहेंगे जिस पर वोटरों का समर्थन पाने के लिए उत्साही भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ना होगा। माना जा रहा है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी अपने संताल परगना दौरा में विधान सभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा संगठन को धार देने की जुगत में हैं। एक अगस्त को दुमका में होने वाली चार जिलों के भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बैठक में बाबूलाल मरांडी कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दे सकते हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


