लाहौर । पिछले काफी समय से खराब फार्म से जूझ रहे पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम आजकल घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट चैंपियंस लीग में खेल रहे हैं। यहां बाबर ने शतक लगाकर अपने आलोचकों को जवाब देने का प्रयास किया है। उनका ये शतक काफी समय बाद आया है। बाबर इस शतक के साथ ही लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज 30वां शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गये हैं और उन्होंने भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली का एक रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। बाबर चैंपियंस कप में स्टालिंयस टीम की ओर से खेल रहे हैं। उन्होंने 100 गेंदों में नाबाद 104 रन बनाये।
बाबर के नाबाद शतक के बल पर स्टालियंस ने डॉल्फिन टीम के खिलाफ 50 ओवर में ही 271 रन बना दिये। इसके बाद स्टालियंस के गेंदबाजों ने डॉल्फिन के बल्लेबाजों को समेट दिया और टीम सस्ते में ही सिमट गयी। इस प्रकार स्टालियंस ने यह मैच 174 रनों से जीत लिया। आजम ने 180 पारियों में अपना 30वां लिस्ट ए क्रिकेट का शतक लगाया जबकि विराट ने ये आंकड़ा 199 पारियां में हासिल किया था। इस सूची में साउथ अफ्रीका के अनुभवी क्रिकेटर हाशिम अमला भी शामिल हैं। उन्होंने 259 पारियों में ही ये उपलबब्धि हासिल की थी। वहीं न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज माटिन गुप्टिल 259 पारियों मे साथ चौथे नंबर पर रहे हैं। भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने 262 पारियों में लिस्ट ए क्रिकेट का 30वां शतक लगाया था।






