पटना । केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय ने बिहार से लेकर झारखंड तक बेहद चर्चित रेत माफिया और कोल माफिया पूंज कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले बिहार में मार्च महीने में कई रेत और कोल माफियाओं के यहां सर्च ऑपरेशन की कार्रवाई को अंजाम दिया गया था। उसी सर्च ऑपरेशन के दौरान आरजेडी के बेहद चर्चित नेता सुभाष यादव के यहां भी सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। सुभाष यादव के बारे में बिहार के राजनीतिक गलियारों से जुड़े लोग कहते हैं की ये बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और उनके परिजनों के साथ इनका करीबी संबंध है। जांच एजेंसी के द्वारा उस सर्च ऑपरेशन के दौरान काफी दस्तावेजों, चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, संदिग्ध बैंकिंग लेनदेन सहित कई अन्य रेत और कोल माफियाओं से जुड़े कनेक्शन को खंगाला और जब्त किया गया था। सुभाष यादव राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पार्टी की तरफ से पिछली बार झारखंड के चतरा लोकसभा से उम्मीदवार भी रह चुके हैं, हालांकि उस चुनाव में वो हार गए थे। बिहार के राजनीतिक गलियारों के सूत्र तो ये भी बताते हैं की सुभाष यादव को आरजेडी पार्टी में एक बड़ा फाइनेंसर के तौर पर देखा जाता है। इनकी खुद की काफी चल-अचल संपत्ति है।






