जामताड़ा : सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कुमुद सहाय ने अधिकारियों के साथ देर शाम को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावित आगमन को लेकर कुंडहित प्रखंड के धनुकडीह में आयोजन स्थल का जायजा लिया। उपायुक्त ने विगत 36 घंटों से रुक रुक कर हो रहे लगातार बारिश के कारण मैदान में जमा हो रहे पानी, पंडाल निर्माण एवं अन्य बिंदुओं पर आ रहे व्यवधान को दूर करते हुए जल निकासी हेतु अविलंब सम्बन्धित कार्यपालक अभियंताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने पंडाल निर्माण, पहुंच पथ, प्रचार प्रसार कार्य का समीक्षा करते हुए उसमें तेजी लाने हेतु युद्धस्तर पर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने पहुंच पथ के अलावा मैदान में गड्ढे वाले स्थानों में पर्याप्त मात्रा में स्टोन डस्ट डाल कर समतलीकरण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल की साफ सफाई, अस्थाई हेलीपैड स्थल निर्माण, पार्किंग, ड्रॉप गेट, बैरिकेडिंग, सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था सहित अन्य जरूरी बिंदुओं पर भी आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश दिया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारीब, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, नाजरत उप समाहर्ता अबिश्वर मुर्मू, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंडहित जमाले रजा एवं अंचल अधिकारी सहित विभिन्न कार्य एजेंसी के कार्यपालक अभियंता आदि उपस्थित थे।





