वाराणसी। ज्ञानवापी को लेकर हिंदू पक्ष ने सिविल जज सीनियर डिविजन की कोर्ट में अपील की थी कि व्यास तहखाने में नमाजियों के प्रवेश पर रोक लगाए। हिंदू पक्ष की अपील को कोर्ट ने शुक्रवार को खारिज कर दी। सिविल जज सीनियर डिवीजन हितेश अग्रवाल ने ज्ञानवापी तहखाने में चल रही पूजा को यथावत रखने का आदेश दिया है।
कोर्ट ने कस्टोडियन जिलाधिकारी वाराणसी को तहखाने में किसी भी तरह के मरम्मत काम न कराने का आदेश दिया है। याचिका निरस्त होते ही अब हिंदू पक्ष तहखाना की मरम्मत कराने की मांग कर जिला कोर्ट में अपील करेगा।
हिंदू पक्ष ने याचिका दाखिल कर मांग की कि व्यासजी का तहखाना बहुत पुराना हो चुका हैं, छत कमजोर है। छत से पानी टपकता है। तहखाने के पिलर भी कमजोर हैं। नमाजियों के छत पर इकट्ठा होने से छत को नुकसान हो रहा है। इसके बाद तहखाने की जरूरी मरम्मत कराए। साथ ही नमाजियों के व्यासजी के तहखाने की छत पर जाने से रोका जाए।
वहीं मुस्लिम ने हिंदू पक्ष की याचिका का विरोध किया। कोर्ट में दलील दी कि नमाजियों को रोकने की याचिका गलत है। छत इतनी भी कमजोर नहीं है कि किसी के जाने से क्षतिग्रस्त होगी। हम सालों से छत पर नमाज पढ़ते रहे हैं।
ज्ञानवापी में हजारों साल से मुसलमान पांचों वक्त की नमाज बिना रोक-टोक के पढ़ते आ रहे हैं। ज्ञानवापी में क्षमता के अनुसार जितने नमाजी आ सकते हैं, उतने ही लोग नमाज पढ़ते हैं। अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी के लोग या आम नमाजी तहखाना की छत पर कतई इधर-उधर बिना वजह घूमते नहीं हैं। जूता या स्लीपर आदि पहन कर तहखाना की छत पर या मस्जिद या उसके आसपास नहीं टहलते हैं।






